Weather Update: बर्फीली हवाओं से कांपा जनमानस, 22 को हो सकती है बारिश Meerut News
रविवार के बाद सोमवार को भी सुबह ही शुरुआत कोहरे के साथ ही हुई। हालांकि कल ही तरह धूप निकलने की भी संभावना है।
मेरठ, जेएनएन। Weather Update बर्फ से पटी चोटियों को स्पर्श कर बह रही पछुआ हवाओं ने रविवार को जमकर सितम ढाया। वहीं सोमवार की सुबह की शुरुआत भी कोहरे के बीच ही हुई। साथ ही सर्द हवाओं ने जमकर ठंड का अहसास कराया। मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली, बुलंदशहर, सहारनपुर आदि स्थानों पर ही ठंड का जोर जारी रहा। कहीं हल्का तो कहीं पर घना कोहरा छाया रहा।
धूप खिलने से मिली राहत
बर्फीली हवाओं के प्रभाव से लोग ठिठुरते नजर आए। सुबह के तापमान में रविवार को खासी गिरावट दर्ज की गई। दोपहर 11.30 बजे तक जबरदस्त ठंड से हाथ और पैर सुन्न होते जान पड़े। धूप खिलने के बाद ठंड से आंशिक रूप से राहत मिली।
दोपहर में बाजारों में भीड़
रविवार को न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 16 डिग्री रहा, जो सामान्य से छह डिग्री कम रहा। शहर के बाहरी इलाकों में रात और तड़के घना कोहरा देखा गया। कड़ाके की ठंड के चलते सुबह दस बजे तक लोगों का घर से बाहर निकलना दूभर रहा। धूप निकलने के बाद लोगों ने रविवार के अवकाश का आनंद लिया। गुनगुनी धूप ने राहत का अहसास कराया। बाजारों में दोपहर को भीड़ देखी गई।
कोहरे से दृश्यता भी हुई कम
देर रात हवाओं का रुख शांत होते ही घना कोहरा छा गया। हाईवे और मुख्य मार्गों पर वाहनों की रफ्तार थम गई दिल्ली रोड पर रात 11:15 बजे कई भागों में स्ट्रीट लाइट गुल हो गई। दृश्यता काफी कम हो गई।