बागपत रोड पर चार किमी में जलभराव, जिम्मेदार अनजान
शहर में बागपत रोड पर चार किमी सड़क पर पिछले लगभग एक महीने से जलभराव है। जलभराव से जनता परेशान है, तो इस मार्ग का यातायात भी प्रभावित हो रहा है। वहीं सड़क टूटने लगी है, लेकिन निगम के जिम्मेदार अफसर अनजान हैं। वे इसे एमडीए की जिम्मेदारी बता रहे हैं।
मेरठ । शहर में बागपत रोड पर चार किमी सड़क पर पिछले लगभग एक महीने से जलभराव है। जलभराव से जनता परेशान है, तो इस मार्ग का यातायात भी प्रभावित हो रहा है। वहीं सड़क टूटने लगी है, लेकिन निगम के जिम्मेदार अफसर अनजान हैं। वे इसे एमडीए की जिम्मेदारी बता रहे हैं।
शहर में मेट्रो प्लाजा चौराहा से बागपत रोड शुरू होती है। टीपी नगर मोड़ से लेकर मलियाना फ्लाईओवर और रेलवे लाइन पार कर दिल्ली बाईपास चौराहा तक मुख्य मार्ग जलमग्न है। यह समस्या एक दो दिन से नहीं बल्कि एक महीने से बनी है। जलभराव से लोगों का आना जाना दूभर हो गया है। परेशान लोग शिकायत कर रहे हैं लेकिन नगर निगम के जिम्मेदार अफसर जिम्मेदारी से मुंह मोड़ रहे हैं। रविवार को क्षेत्रीय लोगों ने इस समस्या पर विरोध भी जताया। अनिल कुमार, कुलदीप, अनिल गोल्डी, जितेंद्र चांदी वाले, संजीव त्यागी, गौरव शर्मा, जगपाल सिंह आदि ने बताया कि जलनिकासी के लिए किसी भी विभाग द्वारा कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।
कमिश्नर से करेंगे निरीक्षण की मांग
जलभराव की समस्या से भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल भी प्रभावित हैं। उन्होंने बताया कि लोगों की समस्या के समाधान के लिए कमिश्नर अनीता सी मेश्राम से इलाके का निरीक्षण करने की मांग की गई है।
जिम्मेदार झाड़ रहे पल्ला
जलभराव के समाधान की पहली जिम्मेदारी सफाई अफसरों की है। इस क्षेत्र के सफाई निरीक्षक जितेंद्र कुमार का कहना है कि मार्ग पर नाला निर्माण अटका है। जिसके संबंध में निर्माण विभाग को जानकारी है। वहीं निगम के निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजपाल यादव ने बताया कि वहां न तो कोई काम चल रहा है और न ही प्रस्तावित है। सड़क पीडब्ल्यूडी की है और नाला निर्माण एमडीए की जिम्मेदारी है।
गड्ढा बंद होते ही सड़क पर आ गया पानी
जलभराव का असली कारण बागपत रोड पर नाले-नालियों के पानी की निकासी का स्थायी समाधान न होना है। मलियाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के नीचे नाला निर्माण का कार्य अटका है। जबकि बाईपास की ओर के क्षेत्र का पानी अभी तक नाला तोड़कर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास गहरी खाई में गिराया जा रहा था। अब यहां पानी का गिरना बंद कर दिया गया है। इससे पानी सड़क पर आ गया है।
इन्होंने कहा--
बागपत रोड पर जलभराव की समस्या का सोमवार को निरीक्षण करा समाधान का उपाय तलाश किया जाएगा।
अमित सिंह, अपर नगर आयुक्त