विनायक बहादुर को मिलेगा बाल शक्ति पुरस्कार
शांति निकेतन विद्यापीठ में कक्षा आठवीं के छात्र विनायक बहादुर को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2020 के लिए चयन किया गया है।
मेरठ, जेएनएन। शांति निकेतन विद्यापीठ में कक्षा आठवीं के छात्र विनायक बहादुर को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2020 के लिए चयन किया गया है। बैडमिंटन खिलाड़ी विनायक बहादुर मूक बधिर हैं। राष्ट्रीय स्पर्धाओं में कई पदक जीत चुके हैं।
भारत सरकार के महिला व बाल विकास मंत्रालय की ओर से इसकी सूचना देते हुए पत्र भेजा गया है। 23 जनवरी को राष्ट्रपति विनायक को राष्ट्रीय बाल शक्ति पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। विनायक को 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की परेड में भी बुलाया गया है। पुरस्कार में विनायक को एक लाख रुपये नगद, एक टेबलेट, प्रमाणपत्र और प्रशस्ति पत्र मिलेगा। विनायक के पिता दीपक बहादुर भी मूक बधिर हैं, जो स्टेट बैंक आफ इंडिया कैंट में कार्यरत हैं। जिन्हें वर्ष 2018 में सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी का पुरस्कार उपराष्ट्रपति ने दिया था। शांति निकेतन के निदेशक विशाल जैन ने विनायक बहादुर को बधाई दी। प्रधानाचार्य विभा गुप्ता ने भी शुभकामनाएं दी है। मेरठ में इस बार दो बच्चों को यह पुरस्कार मिल रहा है। इसमें आरुषि भी हैं।
गोला फेंक में जीता कांस्य पदक
मेरठ : खेलो इंडिया 2020 में मेरठ की गोला फेक की खिलाड़ी विधि चौधरी ने कांस्य पदक जीता है। 11 से 15 जनवरी तक गुवाहाटी में खेलो इंडिया का आयोजन किया गया है। इसमें विधि चौधरी ने बालिका 17 वर्ष में कास्य पदक जीतकर मेरठ का नाम रोशन किया है। विधि ने गोले को 14.05 मीटर गोला फेंक कर यह पदक जीता है। विधि के पदक जीतने से मेरठ के समस्त खिलाड़ियों में खुशी की लहर है। जिला एथलेटिक संघ के अध्यक्ष आशुतोष भल्ला ने विधि को बधाई दी। जिला एथलेटिक संघ के मनोज मलिक, विवेक मलिक, अंकुर कुमार, अरुण कुमार, सविता चौधरी, धर्मेद्र ने भी बधाई दी। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव अनु कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक पंजाब की जैस्मीन कौर ने 14.85 मीटर गोला फेंक कर जीता। रजत पदक सानिया यादव हरियाणा ने 14.42 मीटर के साथ जीता।