क्या आप जानते हैं 2026 में विंबलडन पुरुष एकल का खिताब किसने जीता... आयोग की परीक्षा में पूछा गया यह सवाल
मेरठ में यूपीएसएसएससी की सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा मुख्य परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई, जिसमें विंबलडन और सामान्य ...और पढ़ें
HighLights
मेरठ में यूपीएसएसएससी मुख्य परीक्षा कड़ी सुरक्षा में हुई।
परीक्षा में विंबलडन, माजुली द्वीप जैसे सवाल पूछे गए।
जागरण संवाददाता, मेरठ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ की ओर से आयोजित सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा रविवार को मेरठ में कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच संपन्न हो गई। परीक्षा में कई चर्चित घटनाक्रमों, योजनाओं, इतिहास, गणित एवं खेल से संबंधित सवाल पूछे गए। परीक्षा में सवाल आया कि-2026 में विंबलडन पुरुष एकल का खिताब किसने जीता। इसके पांच विकल्प दिए गए थे। पहला कार्लोस, अल्काराज, दूसरा अलेक्जेंडर ज्वेरेव, तीसरा नोवाक जोकोविच, चौथा जैनिक सिनर व पांचवा उपर्युक्त में से कोई नहीं रहा। सही उत्तर जैनिक सिनर रहा। वहीं, अभ्यर्थियों का कहना था कि पेपर माडरेट टू हार्ड रहा।
सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा के लिए मेरठ में पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज बेगमपुल रोड व आरजी इंटर कालेज समेत कुल 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 9,648 अभ्यर्थी आवंटित थे। परीक्षा एक पाली में सुबह 10 से लेकर दोपहर 12 बजे तक हुई, जबकि परीक्षा के लिए सुबह 8 से लेकर 9:30 तक सघन तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को एंट्री दी गई।
परीक्षा में आए कुल सौ सवाल
परीक्षा में कुल सौ सवाल हल करने के लिए आए थे। सभी प्रश्नों में उत्तर का चयन करने के लिए पांच विकल्प दिए गए थे, जिनमें से अभ्यर्थियों को एक का चयन करना था। परीक्षा में एक चौथाई अंक निगेटिव मार्किंग थे । परीक्षा में पूछा गया था माजुली द्वीप किस भारतीय राज्य में स्थित है। इसका सही उत्तर असम है, लेकिन विकल्प में यह नहीं दिया गया था। सही उत्तर के रूप में उपर्युक्त में से कोई नहीं रहा।
किस प्रभाव के कारण नैनो कणों का गलत ताप उनके आकार के घटने के साथ घट जाता है। इसका सही उत्तर गिब्स थामसन प्रभाव रहा। रेलवे सुरक्षा को बढ़ाने के लिए भारत द्वारा कौन सी स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा (एटीपी) प्रणाली विकसित की गई है। इसका सही उत्तर कवच रहा। सैन फ्रांसिस्को में हिंदुस्तान गदर पार्टी के मुख्यालय को किस नाम से जाना जाता था। इसका सही उत्तर युगांतर आश्रम रहा। इसी तरह के कई और सवाल भी परीक्षा में पूछे गए थे।
पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज मेरठ से परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों का कहना था कि पेपर का स्तर सही था। पेपर माडरेट टू हार्ड रहा। उनका यह भी कहना था कि हिंदी के सवाल आसान रहे। निगेटिव मार्किंग के कारण उन्होंने कुछ सवाल छोड़ दिए।
सीतापुर जिले तक से आए अभ्यर्थी
आयोग की परीक्षा के लिए अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश के सीतापुर समेत अन्य जिलों से यहां आए थे। इनमें मुख्य रूप से सीतापुर के साथ बरेली, मुरादाबाद व शामली समेत अन्य जिले शामिल थे। सीतापुर से आए अभ्यर्थियों का कहना था कि केंद्र काफी दूर होने के कारण परेशानियों के साथ मेरठ पहुंचे हैं। अच्छा हूं कि अपने मंडल में ही परीक्षा केंद्र निर्धारित किएं जाएं।
