टेंपो चालक का चालान काटने पर हंगामा
गोला कुआं पर टेंपो चालक का चालान काटने पर बखेड़ा हो गया। उसने साथियों को बुलाकर हंगामा शुरू कर दिया।
मेरठ, जेएनएन। गोला कुआं पर टेंपो चालक का चालान काटने पर बखेड़ा हो गया। उसने साथियों को बुलाकर हंगामा शुरू कर दिया। जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने चालक और उसके दो दोस्तों को हिरासत में ले लिया। ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उनके खिलाफ अभद्रता करने की तहरीर दी है। मंगलवार दोपहर बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मी नीटू शर्मा गोला कुआं पर ड्यूटी कर रहे थे। तभी लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के शालीमार गार्डन निवासी आसिफ टेंपो लेकर पहुंच गया। वह हापुड़ अड्डे की ओर जा रहा था। ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उसे वापस जाने के लिए कहा, जिस पर दोनों में कहासुनी हो गई। आसिफ पर लाइसेंस भी नहीं था। ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उसका चालान कर दिया। इस पर चालक ने फोन कर तीन-चार साथियों को बुला लिया और हंगामा शुरू कर दिया। जाम लगाने का भी प्रयास किया। सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई और तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। नीटू शर्मा ने आसिफ को नामजद करते हुए चार-पांच युवकों के खिलाफ अभद्रता करने की तहरीर दी है। थाना प्रभारी प्रशांत कपिल ने बताया कि आसिफ, दानिश और एक अन्य को हिरासत में लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
आधे घंटे तक यातायात प्रभावित
चालान कटने के बाद चालक ने हंगामा शुरू कर दिया था। उसके दोस्तों ने भी जाम लगाने का प्रयास किया। इस दौरान गोला कुआं पर जाम जैसी स्थिति बन गई थी। करीब आधा घंटे तक वाहन रेंगते रहे। काफी मशक्कत के बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और थाना पुलिस ने यातायात सुचारु कराया।