स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी परीक्षा: मेरठ में शामिल होंगे 13 हजार से अधिक अभ्यर्थी; इलेक्ट्राॅनिक गैजेट पर रहेगा प्रतिबंध
मेरठ में 4 अक्टूबर को स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (स्क्रीनिंग) परीक्षा-2025 का आयोजन 28 केंद्रों पर होगा, जिसमें 13,024 अभ्यर्थी शामिल ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
मेरठ में 4 अक्टूबर को 28 केंद्रों पर होगी परीक्षा।
सुबह 8 बजे से होगा प्रवेश, 8:45 पर गेट बंद।
जागरण संवाददाता, मेरठ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (स्क्रीनिंग) परीक्षा-2025 चार अक्टूबर को एक ही पाली में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक होगी। जिले में परीक्षा के लिए 28 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 13,024 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
गुरुवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में परीक्षा की तैयारियों को लेकर प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी डा. वीके सिंह ने अधिकारियों को किसी भी स्तर पर लापरवाही न करने और आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है।
परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, अंतरीक्षक और अन्य संबंधित स्टाफ की उपस्थिति सुबह छह से 6:30 बजे के बीच अनिवार्य होगी। सुबह 6:30 बजे केंद्र के प्रवेश द्वार पर कक्षवार सीटिंग प्लान प्रदर्शित किया जाएगा। इसके बाद स्टैटिक मजिस्ट्रेट की ओर से अंतरीक्षकों और सपोर्ट स्टाफ को पहचान पत्र दिए जाएंगे और उनके मोबाइल फोन केंद्र व्यवस्थापक के पास जमा कराए जाएंगे।
अंतरीक्षकों का कक्ष आवंटन सुबह 7:30 बजे रैंडमाइजेशन से किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पुस्तिकाओं की गोपनीय सामग्री को पुलिस सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खोला जाएगा।
8:00 बजे से प्रवेश, 8:45 पर गेट बंद
अभ्यर्थियों का केंद्र में प्रवेश सुबह आठ बजे से शुरू होगा। प्रवेश द्वार सुबह 8:45 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। सुबह 9:23 बजे अभ्यर्थियों को प्रश्नपुस्तिका वितरित की जाएगी।
अगले सात मिनट में अभ्यर्थी प्रश्नपुस्तिका और ओएमआर शीट पर लगी सील की जांच कर आवश्यक प्रविष्टियां पूरी करेंगे। ठीक 9:30 बजे परीक्षा शुरू होगी।
अभ्यर्थियों को ई-प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक मूल फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। इसके साथ दो फोटो और पहचान पत्र की एक स्वप्रमाणित छायाप्रति भी लानी होगी।
हर केंद्र के प्रवेश द्वार पर तीन पुरुष और दो महिला कांस्टेबल तलाशी लेंगे। हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से भी जांच करेंगे। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रानिक गैजेट, डिजिटल घड़ी या परीक्षा आदि सामग्री प्रतिबंधित रहेगी। बायोमेट्रिक और आइरिस सत्यापन भी प्रवेश प्रक्रिया का हिस्सा होगा।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय की सुविधा
40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को मांग किए जाने पर श्रुतलेखक की सुविधा मिलेगी। श्रुतलेखक अभ्यर्थी को स्वयं लाना होगा।
जिन अभ्यर्थियों ने श्रुतलेखक और अतिरिक्त समय या केवल अतिरिक्त समय की मांग की है, उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार प्रति घंटे 20 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इसके लिए दिव्यांगता प्रमाणपत्र, परिचय पत्र और अन्य जरूरी कागजात साथ लाने होंगे।
एडीएम सिटी बृजेश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ल और लोक सेवा आयोग के पदाधिकारी उपस्थित रहे। परीक्षा संबंधी प्रशिक्षण पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज मेरठ के उप प्रधानाचार्य प्रशांत चौधरी ने दिया।
