UP Scooty Yojana: दस्तावेज सत्यापन के बाद CCSU की 864 छात्राएं स्कूटी योजना के तहत पात्र पाई गईं
UP Scooty Scheme 2026: मेरठ में मेधावी छात्राओं के लिए शुरू की गई स्कूटी योजना के तहत दस्तावेज सत्यापन के बाद 864 छात्राएं पात्र पाई गई हैं।

AI जेनरेटिड फोटो
HighLights
CCSU और संबद्ध कॉलेजों की शीर्ष 5% छात्राओं को मिलेगा लाभ।
दस्तावेज सत्यापन के बाद अंतिम सूची बनाने की प्रक्रिया जारी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। UP Scooty Yojana 2026: प्रदेश सरकार की ओर से मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू की गई रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना में दस्तावेजों की जांच के बाद 864 छात्राएं दावेदार के रूप में सामने आई हैं।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर और छह जिलों के संबद्ध कालेजों की टाप पांच फीसदी छात्राओं की सूची में छह जिलों से कुल 1156 छात्राएं अर्ह पाई गईं। सत्यापन के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे मामले भी सामने आए, जिनमें छात्राओं ने निर्धारित प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराए।
इनमें 110 छात्राएं दूसरे राज्यों की हैं। वहीं 182 छात्राओं ने कोई प्रमाण पत्र ही प्रस्तुत नहीं किया, जिसके चलते उनके दावों पर सवाल खड़े हो गए। दस्तावेजों की जांच के बाद अब पात्र छात्राओं की सूची तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
योजना के तहत मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत स्कूटी उपलब्ध कराई जानी है। इसके लिए संबंधित जिलों से छात्राओं के शैक्षणिक रिकार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों के आधार पर पात्रता का परीक्षण किया गया।
टाप पांच फीसदी में आने वाली छात्राओं को प्राथमिकता के आधार पर सूची में शामिल किया गया। सत्यापन में 864 छात्राओं के दावे सही पाए गए, जबकि अन्य मामलों में पात्रता और दस्तावेजों की स्थिति स्पष्ट करने के लिए जांच की गई।
दूसरे राज्यों की छात्राओं और प्रमाण पत्र नहीं देने वाली छात्राओं के मामलों को अलग रखते हुए अंतिम सूची तैयार की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक दस्तावेज सत्यापन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ निर्धारित मानकों को पूरा करने वाली छात्राओं को ही मिले।
