विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिक्षा से जुड़ेगा पूरा गांव: UP के 1,565 पीएमश्री स्कूलों में शुरू होगा विशेष अभियान, इनमें मेरठ के 25 स्कूल

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 05 Oct 2026 04:54 PM (IST)

उत्तर प्रदेश के 1,565 पीएमश्री विद्यालयों में 'मेरा गांव-मेरा विद्यालय' कार्यक्रम शुरू होगा, जिसमें मेरठ के 25 स्कूल शामिल हैं। ...और पढ़ें

AI जेनरेटिड फोटो

AI जेनरेटिड फोटो

HighLights

  1. नवंबर में मेरठ के 25 पीएमश्री स्कूलों में होगा विशेष आयोजनम।

  2. बच्चों की शिक्षा में समुदाय और अभिभावकों की भागीदारी बढ़ेगी।

  3. नियमित उपस्थिति और पढ़ाई जारी रखने पर विशेष जोर।

जागरण संवाददाता, मेरठ। स्कूल में सिर्फ बच्चे और शिक्षक ही नहीं, अब पूरा गांव शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनेगा। बच्चों की पढ़ाई, नियमित उपस्थिति और आगे की शिक्षा को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों की जिम्मेदारी बढ़ाने के उद्देश्य से नवंबर में जिले के 25 पीएमश्री विद्यालयों में ‘मेरा गांव-मेरा विद्यालय’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय और स्थानीय समुदाय के बीच सीधा संवाद स्थापित करने पर जोर रहेगा।

इस पहल में ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक, सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्र के प्रभावशाली लोगों को शामिल किया जाएगा। प्रदेश स्तर पर 1,565 पीएमश्री विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए 46.95 लाख रुपये का वित्तीय प्रावधान किया गया है।

बच्चों की पढ़ाई को लेकर गांव में बनेगा माहौल

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा, विद्यालय की गतिविधियों और समग्र शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। खास जोर बच्चों की नियमित उपस्थिति, नामांकन और पढ़ाई जारी रखने पर रहेगा। स्कूल से दूर हो रहे या पढ़ाई छोड़ने की स्थिति में पहुंच रहे बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने के लिए समुदाय की भूमिका भी बताई जाएगी।

रैली और प्रभातफेरी से दिया जाएगा शिक्षा का संदेश

पीएमश्री विद्यालयों में रैली और प्रभातफेरी के माध्यम से शिक्षा और बाल अधिकारों को लेकर जागरूकता फैलाई जाएगी। विद्यार्थियों के लिए नाटक, कहानी-वाचन और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। पोस्टर और कलाकृति प्रदर्शनी में बच्चे अपनी रचनात्मकता दिखाएंगे। अभिभावकों और ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने के लिए हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।

पांचवीं, आठवीं और दसवीं के बच्चों पर विशेष ध्यान

कार्यक्रम में कक्षा पांच, आठ और 10 के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया जाएगा। उद्देश्य यह है कि किसी भी स्तर पर बच्चे की पढ़ाई बाधित न हो। साथ ही बाल अधिकार, शिक्षा और संरक्षण को लेकर अभिभावकों व ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।

बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया जाएगा। सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों और स्थानीय लोगों से विद्यालय के विकास में सहयोग देने की अपील भी की जाएगी।

समुदाय की भागीदारी से मजबूत होगा स्कूल

बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी ने बताया कि ‘मेरा गांव-मेरा विद्यालय’ कार्यक्रम का उद्देश्य पीएमश्री विद्यालयों को स्थानीय समुदाय से मजबूती से जोड़ना है। अभिभावकों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से बच्चों की नियमित उपस्थिति, पढ़ाई और आगे की शिक्षा के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार होगा। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच मिलेगा।