विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

VIDEO: टोलकर्मी के टैक्स मांगने पर मुंह में डाल दी पिस्टल, साथियों संग बोला हमला; आरोपित युवक BJP नेता का बेटा

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 06 Jun 2026 01:13 PM (IST)

मेरठ-पौड़ी हाईवे पर भैंसा टोल प्लाजा पर शुल्क मांगने पर भाजपा नेता के बेटे और उसके साथियों ने टोलकर्मियों से ...और पढ़ें

HighLights

  1. आरोपित अभिनव भाजपा किसान मोर्चा के मेरठ के पूर्व जिलाध्यक्ष का बेटा।

  2. भैंसा टोल पर अराजकता के मामले में पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ-पौड़ी हाईवे पर भैंसा टोल प्लाजा पर शुल्क मांगने पर भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अजय त्यागी के बेटे ने साथियों संग जमकर अराजकता की। अभिनव के साथी ने टोलकर्मी के मुंह में पिस्टल डालकर जान से मारने की धमकी दी। हाकी और डंडों से टोलकर्मियों की पिटाई की।

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। साथ ही पुलिस ने एक्स पर लिख दिया कि दोनों पक्षों को समझौता हो गया है, जबकि टोल के मैनेजर पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

भैंसा टोल के मैनेजर जितेंद्र कुमार ने बताया कि शामली के कैराना निवासी श्रवण चौहान व हर्षित टोलकर्मी हैं। बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अजय त्यागी के बेटे अभिनव त्यागी निवासी मवाना खुर्द अपने साथी सागर शर्मा और राजा शर्मा के साथ गाड़ी लेकर टोल प्लाजा पर पहुंचे। अभिनव की कार बिना शुल्क लिए निकाल दी गई थी।

सागर की कार से शुल्क मांगा तो मारपीट पर उतारू हो गए। फोन कर गांव से काफी युवक बुला लिए, जो हाकी, डंडे और पिस्टल लेकर पहुंचे। मारपीट के दौरान हर्षित बेहोश होकर गिर पड़ा। आरोप है कि श्रवण के मुंह में पिस्टल डालकर जान से मारने की धमकी दी गई। हमलावरों की मारपीट से टोल कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया।

मैनेजर की तरफ से आरोपितों के खिलाफ मवाना थाने में तहरीर दी गई। पुलिस अभी मामले में जांच कर रही है, जबकि घटना की फुटेज में अराजकता साफ दिखाई दे रही है। इंस्पेक्टर ब्रह्मकुमार त्रिपाठी कार्रवाई के नाम पर जांच की बात कह रहे हैं। उधर, आरोपितों के डर से टोल कर्मचारियों ने काम करने से हाथ खींच लिए, उनका कहना है कि इस तरह कोई भी हत्या कर चला जाएगा।

यह भी पढ़ें- VIDEO: मेरठ में तेज रफ्तार कार की जोरदार टक्कर से स्कूटी सवार उछलकर बोनट पर गिरा, 100 मीटर तक घसीटा

पुलिस का एक्स पर भी जवाब देखने लायक है, बताया गया कि दोनों पक्षों का समझौता हो गया है। फिर भी निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फुटेज में आरोपित सरेआम पिस्टल लहराते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि अभिनव क्षेत्र में मिट्टी खनन का भी काम करता है।

यह भी पढ़ें- Delhi-Meerut Expressway पर टोल के पास पेशाब करने से रोकने पर दिल्ली निवासी युवकों ने पुलिसकर्मियों पर किया हमला

इन्होंने कहा 

लोकल में 15 किमी क्षेत्र का टोल फ्री है, इसके बावजूद शराब के नशे में टोलकर्मी ने शुल्क मांगा। शुल्क देने के बाद भी उसने अभद्रता की, जिसको लेकर मारपीट हुई थी। मुंह में पिस्टल डालने का आरोप निराधार है। बेटे की तरफ से ही मौके पर पुलिस बुलाई गई थी। टोलकर्मियों के खिलाफ थाने में तहरीर भी दी है।
-अजय त्यागी, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा
-
टोल पर मारपीट के मामले में समझौता होने की सूचना मिली थी। यदि समझौता नहीं हुआ तो तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-अविनाश पांडेय, एसएसपी