'वर्दी जमा की है, जो डंडा किठौर में मिला था आज भी वो मेरे पास है', UP पुलिस में रहे मंत्री असीम अरुण ने सुनाया किस्सा
Meerut News: प्रदेश के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने मेरठ में किसान ...और पढ़ें

किसान सम्मान समारोह को संबोधित करते राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण।
HighLights
मेरठ में किसान सम्मान समारोह में पहुंचे प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण।
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष, अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी कार्यक्रम में शामिल।
संवाद सूत्र, किठौर (मेरठ)। प्रदेश के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने नगर में आयोजित किसान सम्मान समारोह में किठौर से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि नवंबर 1996 में उनकी पहली पोस्टिंग एएसपी के रूप में किठौर में हुई थी।
पहली दबिश भी किठौर में रहते हुए विधायक के यहां दी थी। लगभग 30 वर्ष के कार्यकाल के बाद उन्होंने पुलिस की नौकरी छोड़कर वर्दी तो जमा कर दी लेकिन जो डंडा किठौर में मिला था वह आज भी पास में है। जिस तरह से अपराध पर अंकुश लगाया गया है, उसी तरह मिलकर भ्रष्टाचार का भी सफाया किया जाएगा।
शाहजहांपुर स्थित मुमताज फार्म हाउस में आयोजित किसान सम्मान समारोह के संयोजक देवेंद्र गुर्जर थे। मुख्य अतिथि मेरठ के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा कि किठौर क्षेत्र के किसानों ने कृषि के साथ-साथ नर्सरी व्यवसाय को भी बड़े स्तर पर अपनाया है। नर्सरी का काम क्षेत्र की पहचान बन चुका है और इससे किसानों को पारंपरिक खेती की तुलना में कई गुणा अधिक आमदनी हो रही है। जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से क्षेत्र के फल, सब्जी और अन्य कृषि उत्पाद कुछ ही घंटों में बड़े बाजारों तक पहुंच सकेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जेपी गुर्जर ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। दस वर्ष पहले महिलाओं में सुरक्षा को लेकर भय था, लेकिन अब स्थिति बदली है।
संयोजक देवेंद्र गुर्जर ने कहा कि यह क्षेत्र किसान बहुल है। यहां के किसान प्रगतिशील हैं, ये भाजपा के साथ हैं। भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली, पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर, जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, पूर्व विधायक रणवीर राणा,क्षेत्रीय मंत्री आयुष पंवार, जिला महामंत्री सुभाष शर्मा ने भी संबोधित किया।
