आप उम्मीदवार ने मिट्टी का तेल डालकर किया आत्मदाह का प्रयास, मुजफ्फरनगर पुलिस ने की यह कार्रवाई
UP Vidhan Sabha Election 2022 मुजफ्फरनगर की मीरापुर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जोगेंद्र सिंह का नामांकन निरस्त होने पर कचहरी में हंगामा हुआ। प्रत्याशी ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि उन्हें पर्चा निरस्त होने का स्पष्ट कारण नहीं बताया जा रहा है।
मुजफ्फरनगर, जागरण संवाददाता। नामांकन निरस्त होने पर आक्रोश दिखाते हुए आत्मदाह का प्रयास करने वाले आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। उनके खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह है मामला
मुजफ्फरनगर जिले के मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी जोगिंदर सिंह का नामांकन प्रशासन ने सोमवार को निरस्त कर दिया था। प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि प्रशासन दबाव में कार्य कर रहा है। इस दौरान कचहरी में हंगामा हो गया। इसके बाद जोगिंदर सिंह ने कलक्ट्रेट में ही खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने उनसे तेल से भरी कैन छीनी। इस दौरान उनकी आंखों में आंसू छलक गए। आप प्रत्याशी ने कहा कि सेना में सूबेदार मेजर रहते हुए देश सेवा की है। रिटायरमेंट के बाद समाज सेवा कर रहे हैं। उन्हें लोकतंत्र के उत्सव में भागीदारी से रोकने का कृत्य किया गया है। प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि उन्हें पर्चा निरस्त होने का स्पष्ट कारण नहीं बताया जा रहा है। जोगेंद्र सिंह अपने समर्थकों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र भूषण सिंह से भी मिले। उधर, जोगेंद्र सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने उनके खिलाफ आत्महत्या का प्रयास करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया।
यह भी पढ़ें : प्रत्याशी ने की आत्मदाह की कोशिश, पढ़ें पूरा मामला