UP: बुलंदशहर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बोले- भाजपा है झूठी और सपा-बसपा अवसरवादी
सदर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में अपने प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा करने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भाजपा पर निशाना साधा। भाजपा को कोरोना के बहाने प्रदेश को लूटने वाली पार्टी बताया।
बुलंदशहर, जेएनएन। सदर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में अपने प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा करने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भाजपा पर निशाना साधा। भाजपा को कोरोना के बहाने प्रदेश को लूटने वाली पार्टी बताया। वहीं सपा और बसपा पर को अवसरवादी करार दिया। कहा कि सपा बसपा जब भी अत्याचार की आवाज को उठाने की बात होती है, ये घर से बाहर तक नहीं निकलती।
कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी सुशील सिंह के समर्थन में शनिवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के गांव शाहनगर में जनसभा की गई। दोपहर करीब दो बजे पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब भी जनता के हित की बात आई, सड़क पर सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ता ही नजर आए। कोरोना काल हो या बढ़ते महिला अपराध की बात, संघर्ष सिर्फ कांग्रेस ने किया। सपा और बसपा घर में ही रहीं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह तीन माह में 40 बार जेल जा चुके हैं। 55 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। फिर भी जनहित में उनका संघर्ष जारी है। उन्होंने बकाया गन्ना भुगतान, बढ़ते अपराध, महिला दुष्कर्म, लूट आदि की को लेकर प्रदेश सरकार को घेरा।
कहा कि सरकार ने चुनाव में गन्ना भुगतान, बेरोजगारी, किसानों की आय दोगुना करने आदि वायदे किए थे लेकिन कोई पूरा नहीं हुआ। भाजपा काल में प्रदेश भ्रष्टाचार और अपराध का गढ़ बन गया है। अजय कुमार लल्लू ने कहा, भाजपा सरकार ने आपदाकाल में बड़े पूंजीपतियों को अवसर उपलब्ध कराया, जिससे आमजन की स्थिति लगातार खराब हो रही है।
पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक, पूर्व सांसद राशिद अल्वी, पूर्व विधायक इमरान मसूद, पूर्व डिप्टी स्पीकर दिल्ली विधानसभा अमरीष गौतम, पूर्व विधायक गजराज सिंह, बंशी सिंह पहाडिय़ा, जिलाध्यक्ष टूकी मल खटीक, श्यौपाल सिंह, आरपी सिंह आदि ने भी प्रदेश सरकार को निशाने पर रखा।
किसानों पर केंद्रित रहा संबोधन
सभी नेताओं का संबोधन किसानों के इर्द-गिर्द रहा। विद्युत निजीकरण, धान की फसल और आलू के दामों समेत उन्होंने किसानों की समस्याओं पर अपनी बात रखी। उधर, मंच पर अफरातफरी की स्थिति रही।