यूपी चुनाव 2022: मुजफ्फरनगर में चार वर्तमान और दो नए चेहरों को मिला भाजपा का टिकट
UP Assembly Elections 2022 कपिल देव अग्रवाल उपचुनाव समेत दो बार एमएलए निर्वाचित हुए हैं। खतौली सीट पर विधायक विक्रम सैनी को फिर से प्रत्याशी बनाया है। पांच साल पहले विक्रम सैनी ने सपा प्रत्याशी चंदन चौहान को 30 हजार से अधिक वोटों से हराया था।
मुजफ्फरनगर, जागरण संवाददाता। UP Assembly Elections 2022 विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने पहली सूची जारी की है। जिले की सभी छह विधानसभा सीट पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। इनमें चार सीटों पर वर्तमान विधायक को टिकट दिया है, जबकि दो नए चेहरों को भी टिकट मिला है। नामांकन प्रक्रिया के बीच भाजपा ने पहले चरण के मतदान के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी की है। जनपद की सदर सीट पर वर्तमान विधायक और राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल को फिर से मौका दिया गया है।
फिर से बनाया प्रत्याशी
कपिल देव अग्रवाल उपचुनाव समेत दो बार एमएलए निर्वाचित हुए हैं। खतौली सीट पर विधायक विक्रम सैनी को फिर से प्रत्याशी बनाया गया है। पांच साल पहले विक्रम सैनी ने सपा प्रत्याशी चंदन चौहान को 30 हजार से अधिक वोटों से हराया था। जिले में विक्रम सैनी की मतों के आधार पर सबसे बड़ी जीत थी। जाटलैंड के नाम से मशहूर बुढाना विधानसभा सीट पर उमेश मलिक फिर से चुनाव लड़ेंगे। पांच साल उमेश मलिक काफी चर्चाओं में रहे, जिसमें सिसौली में उनकी गाड़ी पर स्याही फेंकने का प्रकरण प्रमुख रहा। टिकैत परिवार से उनकी तल्खी भी सामने आई।
हो रहा था विरोध
पुरकाजी से विधायक प्रमोद ऊटवाल को फिर से प्रत्याशी बनाया गया है। हालांकि कई दिनों से उनका क्षेत्र में विरोध हो रहा था। चरथावल विधानसभा सीट के लिए सपना कश्यप को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है। सपना कश्यप स्वर्गवासी पूर्व राज्यमंत्री विजय कश्यप की धर्मपत्नी है। इस सीट पर बाहरी प्रत्याशी नरेंद्र कश्यप की कई दिनों से चर्चा चल रही थी। जिस पर जगह-जगह विरोध भी हो रहा था। अंततः भाजपा ने सपना कश्यप को प्रत्याशी घोषित किया है।
लोगों में दिखी थी नाराजगी
वहीं मीरापुर विधानसभा सीट पर भाजपा ने एक बार फिर बाहरी प्रत्याशी प्रशांत गुर्जर पर दांव खेला है। वर्ष 20017 में भाजपा ने बाहरी प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना को टिकट दिया था और वह जीते भी थे। लेकिन जीतने के बाद क्षेत्र में नहीं आएं, जिससे लोगों में काफी नाराजगी रही। प्रशांत गुज्जर को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। उनके टिकट की चर्चा से ही क्षेत्र में कई दिनों से विरोध प्रदर्शन हो रहा था।