UP Chunav 2022: शामली में प्रसन्न चौधरी के टिकट पर रालोद में विरोध का बिगुल
UP Assembly Elections 2022 शामली विधानसभा सीट से प्रसन्न चौधरी को टिकट दिए जाने से रालोद नेता खफा हैं। मामले को लेकर हुई पंचायत में पार्टी नेतृत्व पर कर्मठ लोगों की उपेक्षा का आरोप भी लगाया गया। पंचायत कर पार्टी के निर्णय पर जताया गया रोष।
शामली, जागरण संवाददाता। शामली विधानसभा सीट से प्रसन्न चौधरी को टिकट दिए जाने से रालोद नेता खफा हैं। मामले को लेकर हुई पंचायत में पार्टी नेतृत्व पर कर्मठ लोगों की उपेक्षा का आरोप भी लगाया गया।
रालोद नेता बिजेंद्र मलिक के आवास पर शुक्रवार को हुई पंचायत में जिला पंचायत सदस्य अरविंद पंवार ने कहा कि बिजेन्द्र मलिक और समर्थक पांच साल से पार्टी की सेवा कर रहे हैं लेकिन शीर्ष नेतृत्व ने चार महीने पहले पार्टी में शामिल होने वाले को टिकट दे दिया। कहा कि चौ. अजित सिंह के लोकसभा चुनाव हारने पर प्रसन्न चौधरी ने मिठाई बांटी थी।
पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल ने कहा कि रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने पार्टी के लोगों को बिना विश्वास में लिए प्रसन्न चौधरी को टिकट दिया है।
बिजेन्द्र मलिक ने कहा कि 2017 में जब कोई भी रालोद प्रत्याशी बनने को तैयार नहीं था। उस समय चौधरी अजित सिंह ने उनसे चुनाव लडऩे को कहा था। पूर्व विधायक बलवीर मलिक ने बताया कि एक-दो दिन में फिर पंचायत की जाएगी। अध्यक्षता चौधरी महेंद्र सिंह व संचालन विश्वास कुमार ने किया।
थानाभवन सीट पर दुविधा बरकरार
थानाभवन सीट पर अभी उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है। दरअसल इस सीट पर बसपा के टिकट पर राव वारिस विधायक रह चुके हैं। अब वह रालोद में हैं और टिकट के प्रबल दावेदार हैं। इसी सीट से जलालाबाद के पूर्व चेयरमैन अशरफ अली भी टिकट के मजबूत दावेदारों में हैं। अशरफ का नाम चर्चाओं में आया था, लेकिन उससे पहले ही यहां विरोध शुरू हो गया। इसके बाद पार्टी हाईकमान ने प्रत्याशी के नाम की घोषणा रोक दी। शुक्रवार को भी प्रत्याशी घोषित नहीं हो सका।