यूपी चुनाव 2022: बसपाई हुए सलमान सईद, चरथावल से लड़ेंगे चुनाव
UP Assembly Election 2022 पुराने कांग्रेस नेताओं में शुमार पूर्व गृह राज्यमंत्री सईदुज्जमां के बेटे सलमान सईद ने कांग्रेस का साथ छोड़कर बसपा का दामन थाम लिया। बसपा ने सलमान को चरथावल विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया है।
मुजफ्फरनगर, जागरण संवाददाता। पुराने कांग्रेस नेताओं में शुमार पूर्व गृह राज्यमंत्री सईदुज्जमां के बेटे सलमान सईद ने कांग्रेस का साथ छोड़कर बसपा का दामन थाम लिया। बसपा ने सलमान को चरथावल विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया है।
सलमान सईद चितरंजन स्वरूप के निधन के बाद खाली हुई सदर सीट से वर्ष 2016 में हुए उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर पराजित हुए थे। बसपा पुरकाजी से सुरेंद्र सिंह, सदर सीट से पुष्पांकर पाल भिक्की और बुढ़ाना विधानसभा सीट से अनीस चौधरी को पहले ही प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।
परिवार का राजनीति से पुराना नाता
सलमान सईद के परिवार का राजनीति से पुराना नाता है। सलमान के दादा सईद मुर्तजा 1951 में विधायक जबकि 1971 से 1977 तक सांसद रहे। सईद मुर्तजा ने जानसठ, मुजफ्फरनगर और मोरना से बीकेडी से चुनाव लड़ा। सलमान सईद के पिता सईदुज्जमां 1985 में कांग्रेस से मोरना से विधायक रहे। 1999 में कांग्रेस से सांसद रहे। इसी कार्यकाल में उन्हें गृह राज्यमंत्री बनाया गया।
कांग्रेस को दूसरा झटका
पश्चिम उत्तर प्रदेश की सियासत में जिले से कांग्रेस को दूसरा बड़ा झटका लगा है। पिछले दिनों पूर्व राज्यसभा सदस्य हरेंद्र मलिक ने अपने पूर्व विधायक पुत्र पंकज मलिक के साथ कांग्रेस को अलविदा कहकर सपा का दामन थामा था।