यूपी चुनाव 2022: कल मेरठ में जीत का मंत्र देंगे नड्डा, परसों आ सकते हैं अमित शाह
UP Vidhan Sabha Chunav 2022 भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा कल बिजनौर पहुंचेंगे अमित शाह 23 को आएंगे मेरठ। पश्चिम के सभी 71 प्रत्याशियों के साथ शाह करेंगे बैठक। विस चुनाव का पहला चरण 10 फरवरी को पश्चिम से शुरू हो रहा है।
मेरठ,जागरण संवाददाता। UP Chunav 2022 पश्चिम उप्र में जीत से सत्ता की डगर तय होती है। भाजपा लगातार दूसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने का संकल्प लेकर मैदान में है, लेकिन वहीं सपा-रालोद गठबंधन की व्यूह रचना ने भाजपा की चुनौती बढ़ाई है। पश्चिम यूपी में कई सीटों पर समीकरण उलझ गए हैं तो कहीं इमोशनल कार्ड खेला जा रहा है, ऐसे में भाजपा के दिग्गज रणनीतिकार पश्चिम यूपी को मथने निकल रहे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पश्चिम में पार्टी प्रत्याशियों को जीत के लिए चुनावी मंत्र देंगे। 22 जनवरी को जेपी नड्डा सहारनपुर एवं बिजनौर में रहेंगे, जबकि 23 को अमित शाह मेरठ पहुंच सकते हैं। इस बीच न्यूज एजेंसी एएनआइ के अनुसार भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा 22 जनवरी को कैराना, शामली जिले में घर-घर जाकर प्रचार करेंगे। वह शामली और बागपत के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक करेंगे। इसके बाद मेरठ में भी दौरा करेंगे।
गठबंधन के व्यूह में भाजपा
प्रदेश विधानसभा चुनाव का पहला चरण 10 फरवरी को पश्चिम से शुरू हो रहा है। भाजपा की दृष्टि से पश्चिम यूपी में 14 जिलों में 71 विस सीटें हैं, जिसमें 69 पर प्रत्याशियों की घोषणा हुई है। 2017 विस चुनाव में भाजपा ने इस क्षेत्र की 51 सीटें जीती थीं, लेकिन इस बार सपा-रालोद गठबंधन भाजपा की कड़ी घेराबंदी में जुटा है। मुस्लिम बहुल इस क्षेत्र में किसान आंदोलन का भी असर ज्यादा रहा है। कृषि कानून वापस लेने के बाद भाजपा आंदोलन का परा गिराने में कामयाब हुई, लेकिन किसानों के बीच गठबंधन भी पैठ बना चुका है। ऐसे में शाह मेरठ में पार्टी के स्टार प्रचारकों में से पश्चिम में विशेष जिम्मेदारी निभाने वाले चेहरे तय करेंगे।
प्रत्याशियों को देंगे होमवर्क
गृहमंत्री अमित शाह का मेरठ पहुंचने का कार्यक्रम 21 जनवरी को था, जिसे देर शाम निरस्त कर दिया गया। अब शाह 23 जनवरी को मेरठ में पश्चिम उप्र के सभी प्रत्याशियों के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने पश्चिमी उप्र की सभी सीटों की रिपोर्ट तैयार की है, जिसके लिए प्रत्याशियों को अतिरिक्त होमवर्क दिया जाएगा। जिन्हें पहली बार टिकट मिला है, उन्हें विशेष रणनीति बताई जाएगी।