विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जनगणना के दूसरे चरण में हर परिवार से पूछे जाएंगे 40 सवाल, मेरठ में 8 हजार से ज्यादा कर्मी तैनात; ड्यूटी कटवाना मुश्किल 

By Anuj Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 02 Oct 2026 05:05 PM (IST)

जनगणना के दूसरे चरण का कार्य शुरू हो गया है, जिसमें प्रत्येक परिवार से 40 सवाल पूछे जाएंगे। मेरठ में  8 हजार से अधिक कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

AI जेनरेटिड फोटो

AI जेनरेटिड फोटो

HighLights

  1. इस बार सवाल होंगे ज्यादा, एक प्रगणक के जिम्मे होंगे 180 मकान।

  2. 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना, 12 से शुरू होगी फील्ड ट्रेनरों की ट्रेनिंग।

जागरण संवाददाता, मेरठ। जनगणना के दूसरे चरण का कार्य शुरू हो गया है। जनता के लिए स्वगणना 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगी लेकिन जनगणना के लिए सरकारी कर्मचारियों की प्रगणक और सुपरवाईजर के रूप में ड्यूटियां लगनी शुरू हो गई है।

दूसरे चरण में प्रत्येक परिवार से 40 सवालों के माध्यम से छोटी छोटी जानकारियां प्राप्त की जाएंगी। जिन्हें दर्ज करने में समय लगेगा। लिहाजा इस बार प्रत्येक प्रगणक को दिया जाने वाला क्षेत्र भी छोटा होगा। एक प्रगणक को 180 मकानों का सर्वे करना होगा।

जिसके चलते इस बार प्रगणकों और सुपरवाईजरों की संख्या भी 8 हजार से ज्यादा होगी। इन्हें ट्रेनिंग देने वाले 130 फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण 12 अक्टूबर से शुरू हो जाएगा।

जनपद के जनगणना कार्य के नोडल अधिकारी एडीएम वित्त कुंवर वीरेंद्र मौर्य और जिला प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार प्रगणक और सुपरवाईजरों की संख्या बढ़ाकर 8 हजार की गई है।

दूसरे चरण में प्रत्येक परिवार से 40 सवालों के माध्यम से उनके आधार कार्ड नंबर, बैंक खातों का विवरण, कोविड टीका की जानकारी, जाति समेत विभिन्न जानकारियां दर्ज की जाएंगी।इनमें समय लगेगा।लिहाजा प्रगणकों का कार्यक्षेत्र कम कर दिया गया है।

जिसके चलते अधिक संख्या में प्रगणकों को लगाया जाएगा।इनकी ड्यूटियां लगाने का कार्य शुरू हो गया है। जनपद के लिए चयनित पांच मास्टर ट्रेनर लखनऊ से ट्रेनिंग लेकर मेरठ पहुंच गए हैं। ये 12, 13 और 14 अक्टूबर को जनपद के 130 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित करेंगे। जिसके बाद फील्ड ट्रेनर प्रगणकों और सुपरवाईजरों को प्रशिक्षित करेंगे।

उन्होंने बताया कि 16 से 30 नवंबर तक का समय स्वयं गणना के लिए निर्धारित किया गया है जिसमें नागरिक खुद आनलाइन जानकारी दे सकता है।इसके बाद एक दिसंबर से 4 जनवरी तक जनसंख्या गणना का कार्य घर घर जाकर किया जाएगा। 9 जनवरी तक का समय रिवीजन व अन्य कार्यों के लिए रखा गया है।

इस बार नहीं आसान नहीं होगा जनगणना ड्यूटी कटवाना

जनगणना के पहले चरण में बड़ी संख्या में प्रगणकों ने अपनी ड्यूटी कटवा ली थी। जिसके कारण अंतिम समय में प्रगणकों की संख्या काफी कम रह गई और जनगणना कार्य पूरा कराने में बाधा आई।

इस बार सरकार के आदेश पर जिलाधिकारी ने ड्यूटी कटवाने की प्रक्रिया को कठिन कर दिया है। जिलास्तर पर सीडीओ को जनगणना के लिए प्रभारी कार्मिक बनाया गया है। उनकी अध्यक्षता में ही एक समिति का गठन किया गया है जो ड्यूटी कटवाने के आवेदनों की जांच करके निर्णय लेगी।

जनगणना के दूसरे चरण की महत्वपूर्ण तिथियां

  • स्वयं गणना 16 से 30 नवंबर
  • घर घर जाकर जनगणना एक दिसंबर से 4 जनवरी तक
  • रिवीजन 9 जनवरी तक