विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में अब हर मुक्केबाज का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होगा अनिवार्य, पंजीकृत खिलाड़ियों को ही मिलेगा खेलने का मौका

Published: Thu, 15 Oct 2026 08:28 PM (GMT+05:30)

उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन ने अब मुक्केबाजों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य कर दिया है। यह व्यवस्था अंडर-12 मिनी ब्वायज चैंपियनशिप से शुरू होगी।

यूपी में अब हर मुक्केबाज का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होगा अनिवार्य।

यूपी में अब हर मुक्केबाज का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होगा अनिवार्य।

HighLights

  1. मुक्केबाजों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अब अनिवार्य किया गया।

  2. अंडर-12 चैंपियनशिप से नई व्यवस्था की शुरुआत होगी।

  3. खिलाड़ियों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने में मिलेगी मदद।

अमित तिवारी, मेरठ। प्रदेश में बॉक्सिंग को व्यवस्थित करने और खिलाड़ियों का रिकार्ड तैयार करने के लिए अब हर मुक्केबाज का ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया जाएगा। उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन (यूपीबीए) पहली बार अंडर-12 आयु वर्ग की मिनी ब्वायज प्रदेश स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप से इस व्यवस्था की शुरुआत करने जा रहा है।

24 और 25 अक्टूबर को ग्रेटर नोएडा में होने वाली प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों का पंजीकरण निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराया जाएगा। आगे प्रदेश की बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में भी एसोसिएशन के साथ पंजीकृत खिलाड़ियों को ही खेलने का अवसर मिलेगा।

यूपीबीए की ओर से पहली यूपीबीए अंडर-12 मिनी ब्वायज उत्तर प्रदेश स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन ग्रेटर नोएडा के सादोपुर स्थित जेएसबी बॉक्सिंग अकादमी में होगा। इसमें एक जनवरी 2014 से 31 दिसंबर 2015 के बीच जन्मे खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।

प्रतियोगिता के लिए जिलों और संबद्ध इकाइयों को खिलाड़ियों की प्रविष्टियां निर्धारित प्रारूप में भेजनी होंगी। संख्या के आधार पर प्रविष्टि भेजने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर और खिलाड़ियों के नाम सहित प्रविष्टि भेजने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर निर्धारित की गई है।

उम्र और पहचान का भी होगा सत्यापन

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की उम्र और पहचान सुनिश्चित करने के लिए जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और रिकार्ड बुक अनिवार्य किए गए हैं। खिलाड़ियों को स्कूल से जारी आयु सत्यापन रिपोर्ट भी साथ रखनी होगी। इसके अलावा आधार हिस्ट्री प्रिंटआउट और पिछले तीन महीने की वैधता वाला वर्ल्ड बॉक्सिंग मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र भी जमा करना होगा। प्रतियोगिता स्थल पर 24 अक्टूबर से मेडिकल जांच और वजन कराने की प्रक्रिया शुरू होगी।

यूपीबीए के तकनीकी निदेशक रोबिन सिंह के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था से खिलाड़ियों का रिकार्ड व्यवस्थित करने और प्रतियोगिताओं में उनकी पहचान व पात्रता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुक्केबाजों का ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। इससे खिलाड़ियों का रिकार्ड तैयार रहेगा और प्रतियोगिताओं में उनकी पात्रता का सत्यापन करना आसान होगा।

आगे पंजीकृत खिलाड़ियों को ही प्रदेशीय प्रतियोगिताओं में खेलने का अवसर दिया जाएगा। बताया कि फेडरेशन की वेबसाइट https://upboxingassociation.in भी लांच हो चुकी है जहां ऑनलाइन पंजीकरण होंगे।

20 से 61 किलोग्राम तक होंगी 15 भार श्रेणियां

छोटी उम्र से ही मुक्केबाजी में नइईपीढ़ी को आकर्षित करने के लिए आयोजित मिनी चैंपियनशिप में 20 से 61 किलोग्राम तक की 15 भार श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। हर जिला या इकाई की टीम में अधिकतम 15 मुक्केबाज शामिल होंगे।

एक भार वर्ग में एक ही खिलाड़ी को प्रवेश मिलेगा और रिजर्व खिलाड़ी रखने की अनुमति नहीं होगी। मुकाबले तीन राउंड के होंगे। इनमें हर राउंड डेढ़ मिनट का रहेगा। राउंड के बीच एक मिनट का विश्राम मिलेगा।

प्रतियोगिता वर्ल्ड बॉक्सिंग के तकनीकी और प्रतिस्पर्धा नियमों के अनुसार कराई जाएगी। स्टेडियम में छात्रावास के मुककेबाजों के प्रशिक्षक ओलिंपियन मुककेबाज सतीश कुमार के अनुसार इस पहल को प्रदेश में बॉक्सिंग खिलाड़ियों का एक व्यवस्थित डेटाबेस तैयार होगा और छोटी उम्र से ही खिलाड़ियों में अनुशासन बढ़ेगा।

यह भी पढ़ें- कानपुर के 50 हजार व्यापारियों को मिलेगी कर्जमाफी, पुराने मामलों में मिल सकती है छूट