सैनिक कभी अपने दिल की बात नहीं कहता, बस आदेश का इंतजार करता है: जनरल वीके सिंह Meerut News
जिमखाना मैदान में आयोजित बलिदानियों की माटी कार्यक्रम केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा आज से मोहल्लों में रहने वाले सैनिकों का रोज हाल लें लोग।
मेरठ, जेएनएन। जिमखाना मैदान पर रविवार को आयोजित बलिदानियों की माटी कार्यक्रम में मेरठ सैनिकों के जज्बे और बलिदान के सम्मान में उमड़ पड़ा। हिन्दू जागरण मंच की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 56 शहीदों के घर की माटी को केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह समेत कई अन्य ने प्रणाम किया। भारत माता की जय के नारों से गूंजते कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों की आंखें नम हुईं तो कभी सीना गर्व से चौड़ा भी हुआ।
भारतीय सैनिक सबसे बहादुर
बलिदानियों की माटी कार्यक्रम में आसपास के जिलों से करीब बीस हजार से ज्यादा लोग जीमखाना मैदान पहुंच गए। भारत माता की जय, वन्दे मातरम, जय श्रीराम और शहीद अमर रहें के नारों से पंडाल गूंज उठा। मुख्य अतिथि जनरल वीके सिंह की अगुआई में शहीदों के सम्मान में जलती अमर जवान ज्योति को नमन किया गया। वीके सिंह ने कहा कि शहीदों की चिंता दो दिन करिए। उनके परिवारों से मिलिए, जो सीमा पर मुश्किल हालातों में देश की रक्षा करते हैं। पूर्व जनरल ने कहा कि उन्होंने 42 साल सेना में काम किया। दावा है कि भारतीय सैनिकों जितना सहनशील और बहादुर दुनिया के किसी देश का सैनिक नहीं होता है।
शहीदों के परिवार से रोज मिलें
वीके सिंह कहा कि हम शहीदों की शहादत और उनके परिवार के दर्द को दो दिन में भूल जाते हैं, लेकिन अब शपथ लीजिए कि रोजाना एक बार उनके घर वालों से बात करनी चाहिए। असफाक उल्ला ने भी कहा था कि हम...अभी से क्या बताएं क्या हमारे दिल में है। सैनिक कभी अपने दिल की बात नहीं कहता। बस आदेश का इंतजार करता है। संबोधन के अंत में एक बार फिर कहा कि अपने मोहल्लों में सैनिकों के परिवार से दिन में जरूर एक बार मिलें तो समाज में अच्छा संदेश जाएगा।
एनजीओ के रूप में काम कर रहे आतंकी संगठन
अध्यात्मिक गुरु पवन सिन्हा ने कहा कि भारत में 68 आतंकी संगठन काम कर रहे हैं। कई हमारे आपके बीच एनजीओ चलाते हुए काम करते हैं, जिसके लिए आंख, नाक और कान को चौकन्ना रखना है। कहा कि यहां तो पूर्व उपराष्ट्रपति भी आतंकियों के कार्यक्रम में जाते हैं। इस दौरान तीन मंचों पर उपस्थिति लोगों ने बुलाए गए 56 सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, भाजपा, विश्व हिन्दू परिषद्, बजरंगदल, अखिल भारतीय विधार्थी परिषद्, अधिवक्ता परिषद्, संस्कार भारती, पूर्व सैनिक परिषद्, राष्ट्रीय स्वयं सेविका समिति, सिख संगत व अन्य संगठनो के कार्यकर्ता शामिल रहे। सांसद राजेंद्र अग्रवाल, राज्यसभा सदस्य विजयपाल तोमर, कांता कर्दम व महानगर संघचालक विनोद भारती समेत कई अन्य शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन डॉ संजय गुप्ता ने किया।