ऊधम सिंह की पत्नी ने जताया फर्जी एनकाउंटर का डर, सुप्रीम कोर्ट में डाली याचिका
आजमगढ़ जेल में बंद ऊधम सिंह की पत्नी ने फर्जी एनकाउंटर का डर जताकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका डाली है।
जेएनएन, मेरठ। आजमगढ़ जेल में बंद ऊधम सिंह की पत्नी ने फर्जी एनकाउंटर का डर जताकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका डाली है। आरोप है कि यूपी में चल रहे ऑपरेशन क्लीन की लिस्ट में ऊधम सिंह का नाम भी है और पुलिस पेशी के दौरान फरार दर्शाकर ऊधम सिंह का फर्जी एनकाउंटर कर सकती है। उधर, पुलिस के मुताबिक जेल में रहकर भी कुख्यात ऊधम सिंह रंगदारी और हत्या जैसे संगीन अपराध करा रहा है।
सरूरपुर थाने के करनावल गांव निवासी पुष्पा देवी ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की। साथ ही एक शिकायत पत्र भी एसएसपी मेरठ को भेजा है। पुष्पा देवी कुख्यात ऊधम सिंह की पहली पत्नी हैं। पुष्पा का कहना है कि विकास दुबे को मुठभेड़ में मार गिराने के बाद ऑपरेशन क्लीन के तहत पुलिस ने 25 बदमाशों की सूची तैयार की है। उसमें ऊधम सिंह का नाम भी शामिल है। पुष्पा देवी ने आशंका जताई कि कस्टडी के दौरान पुलिस ऊधम सिंह को मुठभेड़ में मार सकती है। पुष्पा देवी का आरोप है कि 2019 में आजमगढ़ जेल से पेशी पर आए ऊधम सिंह कि कचहरी में घेराबंदी की गई थी। इसके बाद किठौर में भी ऊधम सिंह को ले जा रहे ब्रज वाहन पर हमला हुआ था। पुलिस चाहती थी कि ऊधम सिंह भागने का प्रयास करें। ताकि उसे एनकाउंटर में मार सके।
जेल से चला रहा है नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक कुख्यात ऊधम सिंह जेल में रहते हुए बड़े-बड़े व्यापारियों से रंगदारी वसूल रहा है। कई हत्या भी करा चुका है। ऊधम सिंह के कई शूटर भी पकड़े गए हैं, जो ऊधम सिंह के इशारे पर काम करते है। जेल में भी ऊधम सिंह मोबाइल का प्रयोग करता है। इससे साफ है कि ऊधम सिंह जेल में रहकर भी अपराध करा रहा है।
इनका कहना है..
ऊधम सिंह की पत्नी की तरफ से कोई पत्र नहीं मिला है। पुलिस बदमाशों की धरपकड़ में लगी है। जेल में बंद बदमाशों के कोर्ट में चल रहे मुकदमों की पैरवी की जा रही है।
अजय साहनी, एसएसपी।