जेल में बंद कुख्यात के नाम पर व्यापारी से रंगदारी मांगने आए बदमाशों को धुना
कपड़ा व्यापारी से रंगदारी मांगने आए बदमाशों में से दो को लोगों ने पकड़ लिया और जमकर धुना।
मेरठ, जेएनएन। ताबड़तोड़ मुठभेड़ के बावजूद रंगदारी मांगने वाले बदमाश फिर सिर उठा रहे हैं। दुस्साहस देखिए कि लिसाड़ी गेट क्षेत्र में कपड़ा व्यापारी से चार बदमाश जेल में बंद कुख्यात सलमान के नाम पर रंगदारी मांगने पहुंच गए। दो बदमाशों को लोगों ने पकड़कर धुन दिया। घर के बाहर खड़े दो बदमाश फरार हो गए।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मजीदनगर निवासी शाहिद कपड़ा व्यापारी हैं। रविवार दोपहर वह घर में मौजूद थे। तभी दो युवक आए और जबरन घर में घुस गए। उन्होंने सलमान के नाम पर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। विरोध करने पर व्यापारी से मारपीट करने लगे। तभी व्यापारी की पत्नी हिना आई और शोर मचा दिया। इस पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। उन्होंने अपने नाम सुहेल और समीर निवासी कोतवाली बताए। फरार बदमाशों की धरपकड़ के लिए लिसाड़ी गेट क्षेत्र की तारापुरी कालोनी में दबिश भी दी, लेकिन वे हाथ नहीं आए। व्यापारी के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों बदमाश कैद हो गए। थाना प्रभारी प्रशांत कपिल ने बताया कि दो बदमाशों को पकड़ लिया है। उनकी निशानदेही पर फरार आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
आधा घंटे तक जमकर पीटा
बदमाश करीब तीन बजे व्यापारी से रंगदारी मांगने के लिए पहुंचे थे। पांच मिनट बाद ही व्यापारी की पत्नी ने शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास के लोग आ गए। करीब आधा घंटे तक दोनों को धुना। व्यापारी ने बताया कि उन्हें कई दिन से ऐसा लग रहा था कि कोई उनका पीछा कर रहा है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।