मृतक दो किसानों की पत्नियों ने किया आत्मदाह का प्रयास Bagpat News
बागपत में दो पक्षों में झगडे में घायल एक किसान की शनिवार को मौत हो गई। जिसके बाद आरोपितों को गिरफ्तार को लेकर शव का अंतिम संस्कार कराने से मना कर दिया था।
बागपत, जेएनएन। खिंदौड़ा गांव के दोहरे हत्याकांड के मामले में नौ आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर परिजनों ने मृतक किसान कालूराम के शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया था। एसडीएम व सीओ के सामने मृतक दोनों किसानों की पत्नियों ने आत्मदाह का प्रयास किया। थाना प्रभारी ने महिला के हाथ से डीजल से भरी बोतल छीनी और पीडि़तों को समझाया-बुझाया। बाद में अफसरों के आश्वासन पर मौत के करीब 28 घंटे बाद किसान के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
यह था मामला
खिंदौड़ा गांव में पांच मई को ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया था, जिसमें किसान भोपाल सिंह की मौत हो गई थी। मृतक भोपाल के भाई कालूराम की भी मेरठ के मेडिकल कालेज में शनिवार दोपहर 12 बजे मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद कालूराम का शव रात नौ बजे गांव लाया गया। परिजनों ने नामजद नौ आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। सिंघावली अहीर थाना प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन पीडि़त परिजन नहीं माने। पीडि़तों ने मांग रखी कि डीएम और एसपी को मौके पर बुलाया जाए।
28 घंटे के बाद हुआ अंतिम संस्कार
रविवार को 11.45 बजे एसडीएम रामनयन व सीओ ओमपाल सिंह ने पहुंचकर पीडि़तों को किसान के शव का अंतिम संस्कार करने का आग्रह किया। इसी बीच मृतक किसान भोपाल सिंह की पत्नी वर्षा देवी व कालूराम की पत्नी प्रकाशी देवी ने आत्मदाह का प्रयास किया, जिससे हडकंप मच गया। थाना प्रभारी ने महिलाओं से डीजल से भरी बोतल छीनी। तब पीडि़त परिजनों और पुलिस में नोकझोंक हुई। एसडीएम व सीओ के आठ दिन के अंदर आरोपितों को गिरफ्तार कराने का आश्वासन देने पर परिजनों ने किसान कालूराम के शव का दोपहर तीन बजे अंतिम संस्कार किया। पीडि़तों का आरोप है कि विपक्ष की तरफ उन्हें धमकी मिल रही है। बता दे कि पीडि़त परिजनों ने किसान भोपाल के शव की अंत्येष्टि भी छह मई को छह आरोपितों के गिरफ्तारी के बाद ही की थी।
अफसरों का यह है मानना
एसडीएम रामनयन ने कहा कि फरार आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कराएंगे। कार्रवाई की मांग को लेकर पीडि़त परिवार की महिलाओं ने आत्मदाह की कोशिश की है। उनको समझा दिया गया था। वहीं सीओ ओमपाल ङ्क्षसह का कहना है कि आरोपित फरार हैं। लॉकडाउन से उन्हें पकडऩे में दिक्कत हो रही है। लोकेशन मिलते ही आरोपित गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।