Delhi-Meerut Expressway: अब बेफ्रिक होकर आइए, मेरठ परतापुर तिराहे पर ओवरब्रिज के नीचे आवागमन शुरू
मेरठ में दिल्ली जाने वाले लोगों के लिए यह राहत की खबर है। बुधवार से परतापुर तिराहे पर दिल्ली रोड के ओवरब्रिज के नीचे दोनों तरफ का आवागमन चालू हो गया है। जिससे दिल्ली-देहरादून और मेरठ-दिल्ली दोनों मार्ग अलग-अलग हो गए हैं। दुर्घटना भी संभावना भी कम होगी।
मेरठ, जेएनएन। Partapur Tirahe बुधवार से परतापुर तिराहे पर दिल्ली रोड के ओवरब्रिज के नीचे दोनों तरफ का आवागमन चालू हो गया है। जिससे दिल्ली-देहरादून और मेरठ-दिल्ली दोनों मार्ग अलग-अलग हो गए हैं। उधर, पांच दिन के भीतर दोनों अंडरपास के नीचे से आवागमन शुरू करने की तैयारी भी है। अब इसके बाद दुर्घटना की संभावना तो कम रहेगी ही, यहां से गुजरने वाले लोगों को भी काफी राहत मिलेगी।
दुर्घटना की संभावना बनी रहती थी
गौरतलब है कि अभी तक परतापुर ओवरब्रिज के एक हिस्से से मेरठ से दिल्ली और दिल्ली से देहरादून का ट्रैफिक गुजरता था। दूसरा हिस्सा निर्माण के चलते बंद था। जिससे जाम और दुर्घटना की संभावना बनी रहती थी। अब ओवरब्रिज के नीचे दूसरे हिस्से का काम पूरा हो गया है। जिससे मेरठ व देहरादून से आने वाले वाहन दिल्ली की ओर इसी हिस्से से सीधे निकल जाएंगे और दिल्ली से मेरठ व देहरादून जाने वाले वाहन पूर्व की तरह ओवरब्रिज के नीचे से निकलेंगे। इस व्यवस्था से एक मार्ग पर दोनों तरफ का ट्रैफिक लोड समाप्त हो गया है। जिससे जाम और दुर्घटना दोनों परेशानियों से मुक्ति मिलेगी। वाहन चालकों की सुविधा के लिए रूट डायवर्जन का साइन बोर्ड भी ओवरब्रिज के पास लगा दिया गया है।
पांच दिन में और बदलेगी व्यवस्था
वहीं, परतापुर इंटरचेंज का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। पांच दिनों के भीतर परतापुर तिराहे पर दोनों अंडरपास के नीचे से आवागमन शुरू करने की तैयारी है। छोटे अंडरपास के सामने सड़क बनाने के लिए मिट्टी भराव का काम लगभग पूरा हो गया है। सड़क बनते ही यह अंडरपास वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके बाद बड़े अंडरपास को खोला जाएगा। निर्माण एजेंसी के अधिकारियों की माने तो यह व्यवस्था परतापुर इंटरचेंज के काम को तेज गति से पूरा करने के लिए बनाई जा रही है।
अंडरपास के पास बनेंगे ब्रेकर, लगेगी लाइट
परतापुर तिराहे पर दोनों अंडरपास में एक-दो दिन के भीतर लाइट लगा दी जाएंगी। बड़े अंडरपास के पास दोनों तरफ ब्रेकर बनाए जाएंगे। रूट डायवर्जन का साइन बोर्ड व रिफलेक्टर लगाया जाएगा।
इनका कहना है
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे का काम डासना, भोजपुर और काशी टोल प्लाजा से परतापुर तिराहे तक तेज गति से शुरू हो गया है। परतापुर तिराहे पर इंटरचेंज का काम जल्द पूरा करना है। जिसके लिए रूट डायवर्जन किया गया है।
- मनोज बैरवा, डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर, जीआर इंफ्रा