Top Meerut News of the day, 21st November 2019: बुला रही काली, आठवां वचन पौधारोपण का, दहेज में सिर्फ एक रुपया, लिफ्ट में फंसे रहे मुलजिम और पुलिसकर्मी
मुजफ्फरनगर क्षेत्र के गांव अंतवाड़ा में गुरुवार को काली नदी के उद्गम स्थल पर श्रमदान किया गया। यहां निकली जलधारा का पूजन किया।
मेरठ, जेएनएन। मुजफ्फरनगर क्षेत्र के गांव अंतवाड़ा में गुरुवार को काली नदी के उद्गम स्थल पर श्रमदान किया गया। वहीं एसबीआइ सहारनपुर की मंडलीय शाखा में उपशाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत योगेश ने दहेज के नाम पर सिर्फ परिणय पौधा लेकर खुशबू के साथ शादी की। दूसरी ओर सहारनपुर में डॉक्टर मगन पाल ने अपने बेटे अभिषेक चौधरी की शादी में केवल एक रुपया लिया। मुजफ्फरनगर में लिफ्ट में 15 मिनट फंसे रहे मुलजिम और पुलिसकर्मी।
काली नदी के उद्गमस्थल पर श्रमदान व जलधारा का पूजन
मुजफ्फरनगर क्षेत्र के गांव अंतवाड़ा में गुरुवार को काली नदी के उद्गम स्थल पर श्रमदान किया गया। यहां निकली जलधारा का पूजन किया। इस कार्यक्रम में पर्यावरणविद पदमश्री डॉ अनिल जोशी और और पदमश्री केवल सिंह चौहान, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पर्यावरण गतिविधियों के राष्ट्रीय सह संयोजक आरके जैन, नीर फाउंडेशन के निदेशक रमन त्यागी आदि ने लोगों से नदियों के पुनर्जीवन के लिए आगे आने का आह्वान किया।
आठवां वचन पौधारोपण का
एसबीआइ सहारनपुर की मंडलीय शाखा में उपशाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत योगेश ने दहेज के नाम पर सिर्फ परिणय पौधा लेकर खुशबू के साथ शादी की। इतना ही नहीं खुशबू के साथ मंडप में सात फेरों के साथ सात वचन तो लिए ही, आठवां वचन पौधरोपण व उनके संरक्षण का भी लिया। सगाई के दौरान ही लड़के वालों ने यह तय कर लिया था कि वह दहेज में सिर्फ एक पौधा ही लेंगे और उसका नाम परिणय पौधा रखेंगे।
दहेज में सिर्फ एक रुपया
सहारनपुर गांव नल्हेडा गुर्जर के संभ्रांत परिवार से संबंध रखने वाले डॉक्टर मगन पाल ने अपने बेटे अभिषेक चौधरी की शादी में केवल एक रुपया लेकर समाज के सामने एक नजीर पेश की है। डॉक्टर मगन पाल का कहना है कि दुल्हन ही सबसे बड़ा दहेज है। शादी रुड़की में हुई है।
लिफ्ट में 15 मिनट फंसे रहे मुलजिम और पुलिसकर्मी
मुजफ्फरनगर कोर्ट परिसर स्थित गंगा भवन की लिफ्ट में खराबी आने के कारण दूसरी मंजिल पर करीब 15 मिनट तक मुलजिम और उनको अभिरक्षा में लेकर आई पुलिस फंसी रही। बजर बजने के बाद लिफ्ट ठीक कर उसे खोला गया।