Top Meerut News of the day, 21st May 2020: सामाजिक नजदीकियों का माध्यम बना वाट्सएप, पुलिस मुठभेड़ मे गोकश ढेर, चाचा की गोली मारकर हत्या, ईद पर गरीबों के चेहरे पर बिखेरेंगे मुस्कान
कैराना विधायक नाहिद हसन और पूर्व विधायक राव वारिस ने फैसला लिया है कि जो खर्च ईद पर नए कपड़े खरीदने व्यंजन बनाने आदि में करते थे उससे भी अधिक धनराशि जरूरतंदों को देंगे।
मेरठ, जेएनएन। लॉकडाउन के इस दौर में जहां शारीरिक दूरी बढ़ गई है वहीं तकनीक आज सामाजिक नजदीकियों का माध्यम बन गई है। वहीं सहारनपुर में पुलिस टीम पर गोकशों ने हमला कर दिया। इसमें एक गोकश मारा गया व एक सिपाही गंभीर जख्मी हो गया। साथ ही शामली के गांव लाक में एक युवक ने अपने साथी की मदद से अपने चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। दूसरी ओर शामली में विधायक नाहिद हसन और पूर्व विधायक राव वारिस ने फैसला लिया है कि जो खर्च ईद पर नए कपड़े खरीदने, व्यंजन बनाने आदि में करते थे, उससे भी अधिक धनराशि जरूरतंदों को देंगे।
सामाजिक नजदीकियों का माध्यम बना वाट्सएप
मेरठ : लॉकडाउन के इस दौर में जहां शारीरिक दूरी बढ़ गई है वहीं तकनीक आज सामाजिक नजदीकियों का माध्यम बन गई है। प्रशासन से समुचित मदद न मिलने से मायूस कामगारों ने भी तकनीकी के सहारे अपनों को जोडऩे का बीड़ा उठाया है। छत्तीसगढ़ के दुर्ग के कामगारों ने एक वाट्सएप ग्रुप बनाया है और अपने क्षेत्र के जो लोग फंसे हैं उनको एकजुट कर रहे हैं। इस ग्रुप में बस-ट्रेन की सेवा से लेकर घर वापसी तक की तमाम जानकारियां शेयर की जा रही हैं। विकल्प के तौर पर खुद के खर्चे पर भी एकजुट होकर बस हायर करने की बात चल रही है। बता दें कि एक ऐसा ही बंगाल का दल बुधवार को छह-छह हजार रुपये चंदा कर मेरठ से अपने घर के लिए रवाना हुआ है।
पुलिस मुठभेड़ मे गोकश ढेर, सिपाही गंभीर
सहारनपुर : कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव गाना खंडी के जंगल में गोकशी की सूचना पर गुरुवार तड़के चार बजे पहुंची पुलिस टीम पर गोकशों ने हमला कर दिया। छुरा लगने से जहां एक सिपाही गंभीर रूप से जख्मी हो गया, वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से एक गोकश मारा गया। सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारे गए गोतस्कर की शिनाख्त विरासत पुत्र यामीन निवासी गांव घानखंडी के रूप में हुई है। घायल सिपाही को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
चाचा की गोली मारकर हत्या
शामली : नगर कोतवाली के गांव लाक में एक युवक ने बुधवार देर रात अपने साथी की मदद से अपने चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस को सूचना देकर बदमाशों द्वारा घटना को अंजाम देना बता दिया। पुलिस ने रात में ही आरोपित भतीजे व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। पिस्टल बरामद।
ईद पर गरीबों के चेहरे पर बिखेरेंगे मुस्कान
शामली: मुस्लिमों को सबसे बड़ा पर्व ईद है। ईद पर लोग अपने हैसियत से भी अधिक खर्च करते हैं। पकवानों की भरमार होती है। लेकिन कोरोना संकट और लॉकडाउन के बीच कुछ लोगों ने फैसला लिया है कि इस बार अपने लिए खर्च नहीं करेंगे और उक्त धनराशि से गरीबों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरेंगे। कैराना विधायक नाहिद हसन और पूर्व विधायक राव वारिस ने फैसला लिया है कि जो खर्च ईद पर नए कपड़े खरीदने, व्यंजन बनाने आदि में करते थे, उससे भी अधिक धनराशि जरूरतंदों को देंगे। कई अन्य भी ऐसा दावा कर रहे हैं।