आज मनेगा दशहरा, अखंड रामायण का पाठ आरंभ
कोरोना काल में जिन स्थानों पर रामलीला होती थी वहां पर रामकथा का पाठ हो रहा है। जिमखाना मैदान के सामने सनातन धर्म धर्मेश्वर महादेव मंदिर में पंडित घनश्याम शर्मा ने कुंभकरण अहिरावण और मेघनाद वध की कथा सुनाई।
मेरठ, जेएनएन। कोरोना काल में जिन स्थानों पर रामलीला होती थी वहां पर रामकथा का पाठ हो रहा है। जिमखाना मैदान के सामने सनातन धर्म धर्मेश्वर महादेव मंदिर में पंडित घनश्याम शर्मा ने कुंभकरण, अहिरावण और मेघनाद वध की कथा सुनाई। शिव कुमार गुप्ता, जीतेंद्र मणि, संजीव गुप्ता आदि मौजूद रहे। भैंसाली मैदान के सामने रामलीला भवन में पंडित हरिश्चंद्र जोशी ने रामचरितमानस का पाठ किया। जेलचुंगी में शनिवार को रामकथा का समापन हुआ। श्यामा संकीर्तन मंडली ने सुंदर कांड का पाठ किया। मीडिया प्रभारी आशीष गोयल ने बताया कि रविवार को पुतला दहन को लेकर मैदान में सैनिटाइजेशन कराया गया। सुबोध बंसल, वरुण गोयल, महावीर, गौरीशंकर, अश्वनी कंबोज आदि मौजूद रहे। प्रहलादनगर में शनिवार को अखंड रामचरित मानस के पाठ का आरंभ हुआ। रविवार को अखंड रामायण पाठ के समापन होगा। प्रहलाद नगर में स्थानीय कलाकारों ने सामान्य पोशाक में बिना किसी तामझाम के रामलीला का मंचन किया। अशोक मलाई, सुनील चढ्ढा, अवतार सिंह गुंबर आदि ने भाग लिया।
कन्याओं को कराया भोजन
वैश्य समाज महिला की ओर से शनिवार को मलिन बस्ती में जाकर दुर्गा अष्टमी पर कन्याओं को भोजन कराया गया। अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल ने बताया कि कन्याओं को भोजन कराने के अलावा उन्हें स्टेशनरी भी प्रदान की गई। इस दौरान शालिनी गोयल, सोनल विश्नोई, रेनू सिंघल और प्रियांशी गोयल भी उपस्थित रहीं।