आर्डर पर दिल्ली ले जा रहे थे गोमांस, रास्ते में पुलिस ने पकड़ लिया
दौराला पुलिस ने चेकिंग के दौरान गोमांस तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफतार किया है।
मेरठ, जेएनएन। दिल्ली के होटलों में आर्डर पर गोमांस लेकर जा रहे तीन तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों से दो सौ किलो गोमांस भी बरामद किया गया।
शुक्रवार देररात हाईवे पर पुलिस ने दिल्ली की ओर जा रही एक कार को रोका। पुलिस को देखते ही चालक ने कार यूटर्न लेकर तेज रफ्तार में कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। कार सवार तीन लोगों को चेतावनी देकर नीचे उतारा गया। कार की तलाशी ली तो गोमांस बरामद हुआ। आरोपितों की पहचान सिघावली निवासी नौबहार, बागपत निवासी उमेश और दौराला के रुहासा गांव निवासी नरेंद्र के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे रुहासा गांव से दो सौ किलो गोमांस दिल्ली के होटलों में आर्डर पर लेकर जा रहे थे। तस्करों के कब्जे से तमंचे भी बरामद हुए। इंस्पेक्टर दौराला किरणपाल सिंह ने बताया कि दो सौ किलो गोमांस के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। तस्करों की टीम में जुड़े अन्य आरोपितों की भी दबोचा जाएगा।