Coronavirus: चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना जिन मरीजों से मिले, उसमें तीन कोरोना पॉजिटिव
Coronavirusचिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने जिस वार्ड में दौरा किया था वहीं का मामला है। भाजपा नेता सुनील भराला और विनीत शारदा भी मरीजों के करीब रहे।
मेरठ, जेएनएन। चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने सोमवार को मेडिकल कालेज का दौरा किया था। इमरजेंसी वार्ड में बनी होल्डिंग एरिया में गए थे। वहां भर्ती तीन मरीजों में मंगलवार को कोरोना संक्रमण की पुष्टि से प्रदेश तक हड़कंप मच गया है। इनमें दो मरीज मेरठ के और एक हापुड़ का है। कैबिनेट मंत्री समेत भाजपा के कई स्थानीय नेताओं को क्वारंटाइन होना पड़ सकता है। मेडिकल कर्मियों की मानें तो इस वार्ड के तीन मरीज संक्रमित हुए हैं। ऐसे में कइयों पर कोरोना का खतरा मंडरा सकता हैहै। हालांकि मेडिकलकर्मियों का यह भी कहना है कि अगर मंत्री मरीजों से न मिलते तो उन्हें वक्त पर इलाज भी न मिल पाता। कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने ओपीडी के बाद इमरजेंसी वार्ड का दौरा किया था। यहां पर होल्डिंग एरिया बनाया गया है। यहां अन्य बीमारियों के मरीजों को भर्ती किया गया था। कैबिनेट मंत्री, भाजपा नेता सुनील भराला, विनीत शारदा ने रोगियों से भोजन व दवा मिलने का फीडबैेक लिया था। स्टाफ की मानें तो ये सभी नेता मरीजों के काफी करीब होकर बात कर रहे थे। जबकि स्वास्थ्य विभाग एवं मेडिकल कालेज के डाक्टर इस भीड़ में काफी पीछे चल रहे थे। इस वार्ड में मंत्री करीब आधे घंटे तक रुके। बाथरूम भी देखने गए। माना जा रहा है कि इतने समय में बड़े पैमाने पर वायरस संक्रमित हो सकता है। हालांकि मंत्री समेत सभी लोगों ने मास्क पहना हुआ था। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि मंत्री के साथ बड़ी संख्या में लोग होल्डिंग वार्ड में गए थे, जहां तीन पॉजिटिव मिले हैं।