पाडली मांडू में हुए गोलीकांड के तीन आरोपित गिरफ्तार, कुत्ते की खरीद के रुपयों को लेकर था विवाद
बिजनौर क्षेत्र के गांव पाडली मांडू में 28 जुलाई को पुरानी रंजिश व कुत्ते की खरीद के पैसों को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस मामले में दोनों ओर से गोलीबारी हुई थी।
बिजनौर, जेएनएन। गांव पाडली मांडू में एक सप्ताह पूर्व दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस मामले में दोनों ओर से गोलीबारी हुई थी। इससे दो लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में दोनों ओर से नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को दबोच लिया तथा उनकी निशानदेही पर दो तमंचे व कारतूस भी बरामद किए हैं।
क्षेत्र के गांव पाडली मांडू में 28 जुलाई को पुरानी रंजिश व कुत्ते की खरीद के पैसों को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस मामले में दोनों ओर से गोलीबारी हुई थी। इस मामले में एक पक्ष के 17 वर्षीय प्रशांत उर्फ वीसू की गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि उसे बचाने आए उसके चाचा सतेंद्र को भी गोली लगी थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके अलावा दूसरे पक्ष के 56 वर्षीय केहर सिंह की भी गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में दोनों ओर से नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस तभी से आरोपितों काे गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही थी। गुरुवार को तीन आरोपितों गांव निवासी विपिन पुत्र बलवंत, नरेन्द्र उर्फ बंटी पुत्र बलवंत व ऋतिक उर्फ गोलू पुत्र पवन कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दो तमंचे, दो कारतूस के खोखे व दो कारतूस बरामद किए हैं। सीओ अजय कुमार अग्रवाल ने घटना का खुलासा किया, उनका कहना है कि अन्य आरोपितों की भी तलाश की जा रही है।