ईंट भट्ठे पर चोरी कर भाग रहा चोर 50 फीट गहरे कुएं में गिरा, पुलिस ने बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया
बागपत में गुरुवार देर रात ईंट भट्ठे के दफ्तर में घुसकर एक युवक चोरी करने लगा। इसी बीच वहांं सो रहे लोगों के शोर मचाने पर चोर भागने लगा। भट्ठे के दफ्तर की दीवार से पेड़ के सहारे उतरते समय चोर गहरे कुएं में गिरकर दलदल में फंस गया।
बागपत, जेएनएन। ग्राम नौरोजपुर गुर्जर के निकट ईंट भट्ठे पर चोरी करते समय जाग होने पर चोर भागने लगा। इसी दौरान वह 50 फीट गहरे कुएं में गिर गया। पुलिस ने रस्सी के सहारे कुएं से निकाल चोरी के आरोपित युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
यह है मामला
गुरुवार देर रात ईंट भट्ठे के दफ्तर में घुसकर एक युवक चोरी करने लगा। खड़खड़ाहट होने पर भट्ठे का मुनीम विक्रम सिंह निवासी ग्राम मलकपुर जाग गए। उनके शोर मचाने पर चोर भागने लगा। भट्ठे के दफ्तर की दीवार से पेड़ के सहारे उतरते समय चोर वहां पर स्थित गहरे कुएं में गिरकर दलदल में फंस गया और बचाओ-बचाओ की आवाज लगाने लगा। काफी लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस को बुलाया गया। फिर पुलिस व ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे कुएं से आरोपित युवक को निकाला तथा अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली एसएसआइ प्रदीप कुमार शर्मा का कहना है कि आरोपित युवक योगेश पुत्र लीलूनिवासी ग्राम पाबला बेगमाबाद है। जिसने भट्ठे से 14,850 रुपये व अन्य सामान चोरी किया था। आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।