विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP अरुण गोविल के पड़ोस में बड़ी वारदात: मेरठ में शातिर नौकरानी ने मालकिन को किया बेहोश, करोड़ों की चोरी कर दिल्ली फरार

By Vinod Phogat Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 27 Oct 2026 04:05 PM (IST)

Meerut News: मेरठ की डिफेंस कॉलोनी में एक खेल कारोबारी के घर करोड़ों के आभूषण चोरी हो गए। नौकरानी ने ...और पढ़ें

डिफेंस काॅलोनी में आशुतोष भल्ला की कोठी।

डिफेंस काॅलोनी में आशुतोष भल्ला की कोठी।

HighLights

  1. प्रसिद्ध स्पोर्ट्स कारोबारी आशुतोष भल्ला की कोठी में हुई चोरी।

  2. पुलिस ने खंगाले 70 सीसीटीवी, आरोपित नमो भारत ट्रेन से दिल्ली फरार।

जागरण संवाददाता, मेरठ। मवाना रोड स्थित डिफेंस काॅलोनी में सोमवार को दिनदहाड़े शहर के प्रसिद्ध स्पोर्ट्स कारोबारी आशुतोष भल्ला की कोठी में नौकरानी ने ही नकदी और करोड़ों के आभूषण चोरी कर लिए। उसने घर में कारोबारी की बुजुर्ग मां को चाय में नींद की गोलियां मिलाकर बेहोश किया और वारदात को अंजाम देकर दोपहर करीब 2:15 बजे फरार हो गई।

उस समय आशुतोष भल्ला अपने आफिस में थे जबकि भाई अनुराग भल्ला की पत्नी व उनके दो बच्चे घर में ऊपरी मंजिल पर थे। आशुतोष भल्ला के पड़ोस में भाजपा सांसद अरुण गोविल रहते हैं। शाम को अनुराग के लौटने पर घटना का पता चला तो पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने 70 सीसीटीवी खंगाले लेकिन नौकरानी को नहीं पकड़ सकी। बाद में उसकी लोकेशन दिल्ली में मिली। पुलिस मान रही है कि आरोपित ट्रेन या बस से दिल्ली गई होगी। तबीयत खराब होने पर कारोबारी की मां को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मेरठ जिला एथलेटिक संघ के अध्यक्ष, प्रसिद्ध स्पोर्ट्स कंपनी 'भल्ला इंटरनेशनल-विनेक्स' के पार्टनर व चीफ एक्जीक्यूटिव (प्रोडक्शन) आशुतोष भल्ला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित नौकरानी रोशनी आरोन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। रोशनी मूल रूप से सिलीगुड़ी की रहने वाली है। टीएस कंसलटेंसी कंपनी दिल्ली के माध्यम से उसे काम पर रखा गया था।

एसपी देहात अभिजीत कुमार के अनुसार सुबह नौकरानी रोशनी ने आशुतोष भल्ला की मां रेखा भल्ला को चाय में नींद की गोली मिलाकर पिला दी। रेखा के बेहोश होने के बाद उसने तिजोरी की चाबी उठाई और उसमें रखे आभूषण व नकदी निकाल ली। इसके बाद चाबी को दोबारा उसी स्थान पर रख दिया ताकि किसी को तत्काल शक न हो।

दोपहर करीब सवा दो बजे वह करोड़ों के आभूषण और नकदी लेकर चली गई। आशुतोष भल्ला की डिफेंस कालोनी में ए- 12 कोठी है। उनके बराबर में ए-12 ए में सांसद अरुण गोविल (MP Arun Govil) रहते हैं। रेखा भल्ला की देखभाल के लिए रोशनी को नौकरानी रखा गया था। पुलिस को कोठी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में रोशनी घर से बाहर जाती हुई दिखाई दी।

पुलिस 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने की बात जरूर कर रही है लेकिन नौकरानी का पकड़ पाने में सफल नहीं हो सकी है। उसे 31 दिसंबर 2025 को काम पर रखा गया था। पुलिस संबंधित कंपनी के मालिक से भी पूछताछ कर रही है, ताकि आरोपित के बारे में और जानकारी जुटाकर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

वारदात को अंजाम देते ही दिल्ली पहुंच गई नौकरानी

 खेल कारोबारी की कोठी में काम करने वाली नौकरानी रोशनी आरोन वारदात को अंजाम देने के बाद दिल्ली पहुंच गई है। पुलिस को उसके मोबाइल की लोकेशन दिल्ली में मिली है। आरोपित नमो भारत से दिल्ली पहुंची या किसी अन्य माध्यम से, इसकी जांच के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

आरोपित एक फुटेज में कोठी से बाहर निकलती और सड़क पर चलती हुई नजर आ रही है, लेकिन उसके बाद उसका कोई अतापता नहीं है। पुलिस ने कालोनी के नाले वाले और मीनाक्षीपुरम की ओर खुलने वाले रास्तों की फुटेज भी खंगाली, पर कोई सुराग नहीं मिला।

मोबाइल फोन की लोकेशन दिल्ली में मिलने के बाद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें दिल्ली भेजी गई हैं। पुलिस को अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, आरोपित 10 महीने से कोठी में ही रह रही थी। वह कहीं आती-जाती नहीं थी और इस दौरान उसने कोठी के कोने-कोने की जानकारी जुटा ली थी। उसने तिजोरी और उसकी चाबी की भी पूरी रेकी की थी।

सोमवार को घटना को अंजाम देने के बाद वह आभूषण व नगदी लेकर कोठी से निकल गई। आशुतोष भल्ला से जानकारी लेने के बाद पुलिस ने दिल्ली की टीएस कंसलटेंसी कंपनी के मालिक से भी बातचीत की तो पता चला कि मेरठ में आने के बाद वह दो बार अपने परिजनों से मिलने दिल्ली गई थी।

मोबाइल की लोकेशन दिल्ली में मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित के परिजनों के बारे में जानकारी जुटाई तथा कंपनी मालिक समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन अभी तक आरोपित का पता नहीं चल पाया है।