मौसम ने बदला फैशन का मिजाज
इस साल मौसम का मिजाज कुछ बदला हुआ है और उमस भी कम है।
जेएनएन, मेरठ। इस साल मौसम का मिजाज कुछ बदला हुआ है, और उमस भी कम है। ऐसे में फैशन के रंग भी बदले हुए नजर आ रहे हैं। ऐसे में उन परिधानों की मांग अधिक है, जो फैशन के साथ ही कलरफुल भी हो। पिछले कई माह से लोग घरों में बंद है, पार्टी और इवेंट से भी खुद को दूर रखा हुआ था। अब जब सब कुछ सामान्य हो रहा है, और शारीरिक दूरी का पालन करते हुए लोगों ने इवेंट और पार्टी की शुरुआत भी कर दी है। ऐसे हलके और सामान्य परिधानों से बोर हो चुकी महिलाएं और युवतियों पार्टी और खास इवेंट के लिए गहरे रंग और हैंडवर्क से सजे परिधानों की मांग कर रही हैं।
लखनवी चिकन और रेशम से सजे परिधान
मौसम और डिमांड को देखते हुए इस समय गहरे रंग के फेब्रिक पर लखनवी चिकन और रेशम वर्क का काम काफी पसंद किया जा रहा है। इस वर्क को कॉटन, शेफॉन, जॉर्जट और सिल्क पर किया गया है। गहरे रंगों और हैंडवर्क से सजे यह परिधान किसी भी पार्टी और गेट टूगेदर में पहनकर स्टाइलिश लुक पाया जा सकता है। युवतियां जहां हैंडवर्क में इंडियन और वेस्टर्न फ्यूजन पसंद कर रही हैं, वहीं महिलाएं पारंपरिक साड़ी, सूट और वनपीस की डिमांड कर रही हैं।
मिक्स एंड मैचिंग परिधानों की भी मांग
एक समय था जब लड़के पिंक, ब्लू और यैलो रंग के परिधान पहनना पसंद नहीं करते थे, लेकिन अब वह न सिर्फ इन रंगों को पसंद करने लगे हैं। बल्कि कपल ड्रेस में मिक्स एंड मैच की डिमांड भी कर रहे है। यहीं कारण है कि फैशन डिजाइनर इस बार पुरुष परिधानों में भी जमकर हैंडवर्क और गहरे रंगों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पुरुषों के परिधानों को भी महिलाओं के परिधानों की तरह ही कलरफुल तैयार किया जा रहा है। इसलिए पार्टी और खास आयोजनों में पहने जाने वाले परिधान इस बार काफी कलरफुल होंगे। हर साल की तरह इस बार गर्मी और उमस काफी कम है। इसलिए मौसम के मूड को देखते हुए कलरफुल परिधान तैयार किए गए है। लोगों की मांग है कि उन्हें इंडियन वेस्टर्न फ्यूजन में कुछ और खास परिधान चाहिए। जो उन्हें स्टाइलिश लुक दे सकें।
-अब्दुर्र रहमान, फैशन डिजाइनर रहमान गारमेंट आबूलेन