'अतिक्रमण की समस्या गंभीर, कानून व्यवस्था में होगा सुधार'
'अतिक्रमण की समस्या गंभीर, कानून व्यवस्था में होगा सुधार' शहर की कानून व्यवस्था में जल्द ही सुधार नजर आएगा। साथ ही अतिक्रमण की समस्या से भी शहर के बाशिंदों का निजात मिलेगी। दरअसल, एसपी सिटी रणविजय सिंह ने चेंबर ऑफ कॉमर्स दिल्ली रोड के पदाधिकारियों को बुधवार को उक्त आश्वासन दिया।
मेरठ : शहर की कानून व्यवस्था में जल्द ही सुधार नजर आएगा। साथ ही अतिक्रमण की समस्या से भी शहर के बाशिंदों का निजात मिलेगी। दरअसल, एसपी सिटी रणविजय सिंह ने चेंबर ऑफ कॉमर्स दिल्ली रोड के पदाधिकारियों को बुधवार को उक्त आश्वासन दिया।
कार्यकारिणी की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे एसपी सिटी के समक्ष पदाधिकारियों ने अतिक्रमण की समस्या प्रमुखता से उठाई। कहा कि शहर के ज्यादातर हिस्सों में रोजाना भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। दिल्ली रोड, रेलवे रोड, पीर चौराहा, जली कोठी व बच्चा पार्क आदि स्थानों पर निकलना तक दूभर हो जाता है। इन हालात में कारोबार चौपट हो रहा है। साथ ही सड़क दुर्घटनाएं भी बढ़ गईं हैं। आरोप लगाया कि यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए तैनात पुलिसकर्मी अपना ज्यादातर समय उगाही में निकाल देते हैं।
पदाधिकारियों ने शहर की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। प्राथमिकता के आधार पर चेंबर पदाधिकारियों को शस्त्र लाइसेंस जारी करने, ग्रीन कार्ड बनवाने व एसपीओ कार्ड जारी कराने की मांग भी रखी। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने कहा कि अतिक्रमण की समस्या गंभीर है। यातायात विभाग से सहयोग लेकर कार्रवाई करेंगे। कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कहा कि पुलिस व प्रशासन को दीपावली तक समय दीजिए। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। ग्रीन कार्ड व एसपीओ कार्ड बनवाने का भी आश्वासन दिया। बैठक की अध्यक्षता अनिल कुमार गुप्ता ने की। संचालन महामंत्री सर्वेश सर्राफ व संयोजक सुरेंद्र प्रताप ने किया। एसपी सिटी को प्रतीक चिह्न भी भेंट किया गया। राकेश रस्तोगी, रवि प्रकाश अग्रवाल, अरुण कुमार, डा. सुबोध गर्ग, मनीष प्रताप, अरुण कुमार गुप्ता, पुनीत गुप्ता, एमएस जैन, राजकुमार बंसल, विजय गर्ग व अरुण गौतम आदि मौजूद थे।