प्रतिभागियों ने गायन व नृत्य प्रतियोगिता में दिखाया हुनर
उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी लखनऊ द्वारा शनिवार को मेरठ भाग की वार्षिक प्रतियोगिता का आयोजन शिवांगी संगीत महाविद्यालय के सहयोग से हुआ।
मेरठ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी लखनऊ द्वारा शनिवार को मेरठ भाग की वार्षिक प्रतियोगिता का आयोजन शिवांगी संगीत महाविद्यालय के सहयोग से हुआ। इसमें शास्त्रीय संगीत गायन, बांसुरी वादन, कथक नृत्य की प्रतियोगिताएं हुईं। जिसमें तीन वर्गों में प्रतिभागियों में हिस्सा लिया। इसमें बालक वर्ग के लिए 8 से 15 वर्ष की आयु, किशोर वर्ग के लिए 16 से 22 वर्ष की आयु तथा युवा वर्ग के लिए 23 से 30 वर्ष तक की आयु निर्धारित की गई थी। सभी वर्गो के लिए 51 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में अलग-अलग वर्गो के अनुसार प्रस्तुति के लिए समय भी निर्धारित किया गया था। शास्त्रीय संगीत गायन में बाल वर्ग के तहत कोविद बलूनी ने राग भीमपलासी, तेजस्व प्रताप ने राग भूपाली, बांसुरी वादन में आंजनेय जोशी ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इसी तरह अन्य वर्गो में प्रस्तुतियां पेश की गईं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संगीत नाटक अकादमी लखनऊ से आयीं रेनू श्रीवास्तव, विनीत गोस्वामी, सुभाष चंद्र आदि रहे। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य राजा बलूनी, ऋचा शर्मा, प्रेरणा शर्मा आदि मौजूद रहे।
आज होगा कन्या पूजन
बाबा मनोहर नाथ मंदिर में रविवार को कन्या पूजन और भंडारे का आयोजन होगा। शनिवार को शाम के सत्र में सतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति दी गई। 12 फरवरी से गुप्त नवरात्र के आरंभ के साथ मंदिर परिसर में पांच कुंडीय सतचंडी महायज्ञ का आरंभ हुआ था। गुरु मां नीलिमानंद ने बताया कि शनिवार को सुबह देवी के विग्रह का पंच द्रव्यों से अभिषेक किया गया। 11 पुरोहितों ने दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। शाम को यज्ञाचार्य विष्णुदत्त त्रिवेदी ने यज्ञ कराया। एसएन बंसल, सत्य नारायण, मुक्ता चौधरी, रेखा गोयल, मंजुला, अंशुल आदि मौजूद रहे।