बाजार गुलजार.. जगमगाने लगी रंग-बिरंगी रोशनी
कोरोना वैश्विक महामारी से बाजार भी उभरने लगा है। जैसे-जैसे दीपावली पर्व नजदीक आता जा रहा है वैसे-वैसे बाजारों में उत्साह दिखाई देने लगा है। मवाना में दिनभर खरीददारी के लिए लोग पहुंचने लगे और यह क्रम देर रात तक चलता हुआ दिखाई दिया। बाजार में शाम ढलते ही छटा बिखरने लगी और रंग-बिरंगी झालरों से प्रतिष्ठान पटने लगे हैं।
मेरठ, जेएनएन। कोरोना वैश्विक महामारी से बाजार भी उभरने लगा है। जैसे-जैसे दीपावली पर्व नजदीक आता जा रहा है, वैसे-वैसे बाजारों में उत्साह दिखाई देने लगा है। मवाना में दिनभर खरीददारी के लिए लोग पहुंचने लगे और यह क्रम देर रात तक चलता हुआ दिखाई दिया। बाजार में शाम ढलते ही छटा बिखरने लगी और रंग-बिरंगी झालरों से प्रतिष्ठान पटने लगे हैं। माना जा रहा इस बार दीपावली अच्छी होगी।
पहले नवरात्र, फिर दशहरा पर्व और सुहागिनों का त्योहार करवाचौथ में औसत रहे बाजारों की रौनक लौटती दिखाई दे रही है।। जैसे-जैसे दीपावली पर्व नजदीक आता जा रहा वैसे-वैसे रौनक भी आते हुए दिखाई दे रही है। गुरुवार को अहोई और उसके बाद धनतेरस व चार नवंबर को दीपावली का पर्व है। त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में सामान की खरीदारी हुई। नगर के अलावा आसपास गांवों से भी बाजारों में लोगों की भीड़ रही। देवी-देवताओं के पोस्टर, किराना की दुकान, खील-बताशे और अन्य आइटमों की दुकान ग्राहकों की भीड़ रहने से नगर के लगभग सभी बाजार भीड़ से गुलजार होने लगे हैं। मोहल्ला मुन्नालाल के गोल मार्केट, सुभाष बाजार, दयानंद बाजार, सर्राफा बाजार के अलावा नगर के मेरठ-पौड़ी मार्ग उमड़ी भीड़ व वाहनों के भारी आवागमन बाधित रहा। बाजारों में ग्राहकों की भीड़ रहने से जाम की समस्या बनी रही।
रंग-बिरंगी झालरों से सजी दुकानें
शाम ढलते ही नगर के सभी बाजार, प्रतिष्ठान और भवन रंग-बिरंगी झालरों व बल्बों की रोशनी से जगमगा उठे।
व्यापारियों के चेहरे भी चमके
मवाना में दिनभर खरीददारी के लिए लोग पहुंचने लगे और यह क्रम देर रात तक चलता हुआ दिखाई दिया। बाजारों में भीड़भाड़ देखकर व्यापारियों के चेहरे भी खिल गए हैं।