फरार आरोपित की कल है शादी, महिला का अंतिम संस्कार
छेड़छाड़ से आजिज परिवार के जहर निगलने की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। लोगों ने सवाल उठाया है कि इसकी जिम्मेदार पुलिस है या प्रशासन।
मेरठ। छेड़छाड़ से आजिज परिवार के जहर निगलने की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। लोगों ने सवाल उठाया है कि इसकी जिम्मेदार पुलिस है या प्रशासन। यदि समय रहते कार्रवाई हो जाती तो पीड़ित परिवार इस दशा में नहीं होता।
घटना के कुछ घंटों बाद ही पकड़े गए आरोपित सत्ते, आदेश, सचिन, गोपाल, रवि को शुक्रवार पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया। जबकि फरार अन्य आरोपितों की धरपकड़ के लिए पुलिस दबिश दे रही है। एसओ धर्मेद्र सिंह का कहना है जल्द पकड़े जाएंगे। दूसरी ओर आरोपित सोनू पुत्र पप्पू कश्यप की शादी दो दिन बाद 21 अप्रैल को होनी है। उसके घर में शादी के जश्न का माहौल था। घटना से सन्नाटा पसर गया। सोनू पुलिस पकड़ से बाहर है, लेकिन शादी में शरीक होने वाले जेल जा चुके हैं।
अंतिम संस्कार में रो पड़ा गांव
शुक्रवार को महिला शव गांव ले जाया गया। रिश्तेदार और गांव वाले मौजूद थे, लेकिन महिला का पति व बेटी साथ नहीं थे। वह अस्पताल में जिंदगी-मौत के बीच जूझ रहे हैं। इकलौते बेटे ने मां को मुखाग्नि दी तो गांव रो पड़ा।
पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री तक पहुंचाई पुलिस-प्रशासन की लापरवाही
पूर्व विधायक गोपाल काली शुक्रवार दोपहर मवाना स्थित उपचाराधीन पिता-पुत्री से मिले। इलाज में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को कठघरे में खड़ा किया। आरोप लगाया कि इतनी बड़ी घटना होने पर भी इलाज सामान्य से अस्पताल में चल रहा है। अच्छे अस्पताल में इलाज कराना चाहिए था। अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। उधर, हंगामा खड़ा हुआ तो उपस्थित पुलिसकर्मियों की नींद टूटी और उन्होंने तत्काल मेरठ के लिए व्यवस्था कराने के इंतजाम किए। पूर्व विधायक ने आरोपितों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई में भारी चूक बताया। समय पर पुलिस कार्रवाई करती तो परिवार इस दशा में नहीं पहुंचता। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को दिया। उधर, जल्द ही हस्तिनापुर में नारी सम्मान हुंकार रैली करने का भी ऐलान किया। पूर्व विधायक ने राज्य महिला आयोग सदस्य राखी त्यागी के समक्ष भी आरोपितों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाते हुए पुलिस प्रशासनिक रवैये पर सवाल उठाए।