निगम कर रहा बेहतर सफाई का दावा..पर यहां तो कूड़े के ढेर लगे हैं
मतदान के बाद शुक्रवार को नगर निगम के अधिकारी सफाई का दावा करते रहे पर हकीकत बिल्कुल उलट दिखी।
मेरठ । मतदान के बाद शुक्रवार को नगर निगम के अधिकारी सफाई का दावा करते रहे, पर हकीकत बिल्कुल उलट दिखी। शहर में जगह-जगह कूड़े का अंबार दिखा। सभी प्रमुख सड़कें गंदगी से बजबजाती रहीं। लोहे और स्टील के डस्टबिन भी फुल दिखे।
दिल्ली रोड पर रामलीला ग्राउंड के सामने कूड़े का ढेर लगा हुआ है। दिल्ली रोड पर ही परतापुर थाने के पास, सुभाष होटल के सामने अस्थाई खत्तों पर कई ट्रॉली कूड़ा जमा है। हापुड़ रोड पर एल ब्लॉक तिराहे से हापुड़ अड्डे के बीच कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। नाले के समीप तो कूड़े की दुर्गध से सांस लेना दुश्वार है। गढ़ रोड पर राजकीय पशु चिकित्सालय के गेट के सामने करीब तीन ट्रॉली से अधिक कूड़ा जमा है। बच्चा पार्क के पास अस्थाई खत्ते पर कूड़ा जमा होने से दुर्गध है। बागपत रोड पर जनता पेट्रोल पंप के पास कूड़े के ढेर लगे हैं। मालूम हो कि गुरुवार को मतदान के दिन सफाई थम गई थी। कई सफाई निरीक्षकों की ड्यूटी मतदान अधिकारी के रूप में लगा दी गई थी, जिससे शुक्रवार को वह अवकाश पर रहे। इसके चलते सफाई शुक्रवार को भी नहीं हो सकी। हालांकि नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सफाई कर्मियों को लगाया गया था और निर्देश भी दिया गया था कि सार्वजनिक क्षेत्रों पर सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
डोर-टू-डोर की रफ्तार भी पड़ी धीमी
मतदान के बाद शुक्रवार को डोर-टू-डोर कूड़ा गाड़ियां भी कई मोहल्लों में नहीं पहुंची। शास्त्रीनगर, अजंता कालोनी, सूरजकुंड, मोहनपुरी समेत कई मोहल्लों के लोगों ने बताया कि उनके यहां सुबह कूड़ा गाड़ी नहीं पहुंची। जबकि शहर के सभी 90 वार्डो से घर-घर कूड़ा उठाने के लिए 120 से ज्यादा कूड़ा गाड़ियां लगाई गई हैं।
डस्टबिन कूड़े से फुल
शहर के प्रमुख मार्गो पर लोहे और स्टील के डस्टबिन हैं, जो कूड़े से भर चुके हैं। इनसे कूड़ा लेने नगर निगम का वाहन नहीं पहुंच रहा है। यही हालात शहर के प्रमुख बाजारों में लगे स्टील के डस्टबिन के हैं। इन्होंने कहा-
मतदान के दिन दोपहर 12 बजे के बाद सफाई ठप हो गई थी। इसलिए दो दिन का कचरा एकत्र हो गया है। इसे हटाने के लिए सफाई निरीक्षकों और वाहन डिपो प्रभारियों को निर्देश जारी कर दिया गया है। अस्थाई खत्तों से कूड़े के उठान पर जोर दिया जाएगा।
डॉ. गजेंद्र सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी