Gupta brothers arrested: गुप्ता परिवार के दो बेटों की शादी का बजट था दो सौ करोड़, लगा था ढाई लाख का जुर्माना
Gupta brothers arrested वर्ष 2019 में अजय गुप्ता के बेटे सूर्यकांत की शादी हीरा कारोबारी सुरेश सिंघल की बेटी कृतिका व अगले दिन 22 जून को अतुल गुप्ता के बेटे शशांक की शादी उद्योगपति विशाल जालान की बेटी शिवांगी के साथ उत्तराखंड के औली में हुई थी।
सहारनपुर, जागरण संवाददाता। गुप्ता परिवार ने 2019 में शाही शादी को लेकर देश-विदेश में चर्चा बटोरी थी। तब उत्तराखंड के औली में परिवार के दो बेटों की शाही शादी का बजट दो सौ करोड़ बताया गया था।
समारोह स्थल पर फैल गया था कई टन कूड़ा
वर्ष 2019 में 21 जून को अजय गुप्ता के बेटे सूर्यकांत की शादी दिल्ली के हीरा कारोबारी सुरेश सिंघल की बेटी कृतिका सिंघल के साथ जबकि अगले दिन 22 जून को अतुल गुप्ता के बेटे शशांक की शादी दुबई के उद्योगपति विशाल जालान की बेटी शिवांगी के साथ हुई थी। दोनों शादियों के बाद समारोह स्थल पर कई टन कूड़ा फैल गया था। इसको लेकर जोशीमठ नगर पालिका ने गुप्ता बंधुओं पर ढाई लाख का जुर्माना लगाया था।
पिता ने किया था टेलकम पाउडर का भी कारोबार
गुप्ता बंधुओं के पिता शिवकुमार सरकारी गल्ले की दुकान चलाते थे। परिवार चलाने के लिए वह साथ में गरम मसालों का व्यवसाय भी करते थे। काम चल निकला तो शिवकुमार ने मसालों का व्यवसाय दूसरे देशों तक फैलाना शुरू कर दिया। बाद में उन्होंने गुप्ता एंड टेलकम के नाम से टेलकम पाउडर बनाने की कंपनी भी शुरू की। करीब चालीस साल पहले शिव कुमार परिवार के साथ सहारनपुर के रानी बाजार इलाके में मकान में रहते थे। वह सहारनपुर व आसपास के धनी और मेहनती व्यापारियों में शुमार थे। उस जमाने में उनके पास कार थी।
सबसे पहले अतुल गुप्ता गए थे दक्षिण अफ्रीका
मसालों के कारोबार के लिए दक्षिण अफ्रीका गए अतुल गुप्ता ने 1998 में वहां पहुंचकर जूते की दुकान खोली थी। इसके बाद जब तीनों भाई वहां पहुंचे तो इसके बाद सहारा कंप्यूटर्स की शुरुआत की। यह वह जमाना था जब दुनिया में कंप्यूटर चलन में नया-नया आया था। इसके बाद में गुप्ता बंधुओं ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और कोयला और सोने की खदान के कारोबार में शुरुआत की।
क्रिकेट टीम का कराया था रोड शो
गुप्ता बंधुओं ने 17 नवंबर 2005 को भारत दौरे पर आई दक्षिण अफ्रीका की क्रिकेट टीम का सहारनपुर में रोड शो कराया था। टीम के सदस्यों को बग्गी में बैठाकर पूरे शहर में घुमाया गया था। इसके बाद से गुप्ता बंधु देश में चर्चा में आ गए थे।
यह भी पढ़ें: दक्षिण अफ्रीका में जूते की दुकान से शुरू किया कारोबार, फिर सत्ता का केंद्र कैसे बने गुप्ता बंधु