यूपी सरकार की नजर में ताजमहल राष्ट्रीय धरोहर : सुरेश खन्ना
यूपी के मंत्री सुरेश खन्ना ने विधायक संगीत सोम के ताजमहल पर दिए विवादित बयान से किनारा किया और कहा कि ताजमहल को सरकार राष्ट्रीय धरोहर मानती है।
मेरठ (जेएनएन)। नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने विधायक संगीत सोम द्वारा ताजमहल पर दिए गए विवादास्पद बयान से मंगलवार को किनारा कर लिया। कहा कि ताजमहल को सरकार राष्ट्रीय धरोहर मानती है। यहां प्रेसवार्ता में मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार आमजन को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान सरधना से भाजपा के विधायक संगीत सोम द्वारा ताजमहल पर दिए गए बयान के संबंध में उन्होंने कहा कि ताजमहल राष्ट्रीय धरोहर में शामिल है। किसी विधायक ने ताजमहल के संबंध में क्या कहा? इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश के सात शहरों में से छह का चयन स्मार्ट सिटी के लिए किया जाना है।
यह भी पढ़ें: लोक गायिका मालिनी अवस्थी अब बीएचयू में चेयर प्रोफेसर
मंत्री के स्वागत में नजर आया वो
छह महीने पहले बूचड़खाना मालिकों से मिलीभगत के गंभीर आरोप लगने पर जिस राहुल ठाकुर को हिंदू संगठनों ने खुद जेल भिजवाया। आज भाजपा नेता उसी राहुल ठाकुर को नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना से मिलवाते नजर आए। होर्डिंग ठेकेदारी और तेल के खेल में चर्चित रहे ज्ञानेंद्र ठेकेदार की भी नगर विकास मंत्री के कार्यक्रम में मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। 26 मार्च 2017 में बजरंग दल के पदाधिकारी बलराज डूंगर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जयभीमनगर स्थित एक बल्ला फैक्ट्री में छापामारी करके यहां से पशुओं का मांस और अवशेष बरामद किए थे। कार्यकर्ताओं ने फैक्ट्री चलाने वाले अजय राघव और अनुज चौधरी को जमकर पीटा था। इसी दौरान खुद को भाजपा से जुड़ा बताने वाला राहुल ठाकुर भी वहां पहुंच गया था। भीड़ ने राहुल को भी जमकर पीटा था। पुलिस ने अवशेषों की फैक्ट्री के प्रकरण में अवैध रूप से बूचड़खाना चलाने पर राहुल को आरोपी बनाया था। इस मामले में राहुल को जेल जाना पड़ा था। महानगर अध्यक्ष करुणेशनंदन गर्ग का कहना है कि 'मैं वहां खड़ा हुआ था। राहुल ठाकुर भी वहीं आकर खड़ा हो गया। मेरा या पार्टी का उससे कोई मतलब नहीं है। मैंने मंत्री से उसे नहीं मिलवाया।