वेतन बढ़ोत्तरी को लेकर सफाई कर्मचारियों का महापौर के आवास पर प्रदर्शन
छह माह पूर्व 200 सफाई कर्मचारियों को ठेके पर नियुक्त किया गया था। तब उन्हें शीघ्र ही स्थायी किए जाने का आश्वासन भी दिया था।
मेरठ। सफाई सैनिक यूनियन के बैनर तले शुक्रवार सुबह सफाई कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर महापौर के आवास पर प्रदर्शन किया। इस दौरान यूनियन के अध्यक्ष राजकुमार तन्हा और महामंत्री शैलेंद्र वाल्मीकि ने बताया कि छह माह पूर्व 200 सफाई कर्मचारियों को ठेके पर नियुक्त किया गया था। तब उन्हें शीघ्र ही स्थायी किए जाने का आश्वासन भी दिया था। लेकिन अभी तक किसी भी सफाई कर्मचारी को स्थायी नहीं किया गया है। जिससे सफाई कर्मचारियों में रोष है। इस दौरान कर्मचारियों ने वेतन साढ़े 12 हजार करने और लंबित वेतन दिलाने की आवाज बुलंद की। महापौर सुनीता वर्मा के साथ उनके पति पूर्व विधायक योगेश वर्मा ने सफाई कर्मचारियों से वार्ता की। महापौर ने कहा कि मांगों को उन्होंने पूर्व में भी प्रस्ताव के रूप में बोर्ड में रखा था। कहा कि 21 जनवरी को होने वाली बोर्ड बैठक में इस संबंध में नगरायुक्त व अन्य अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। सफाई कर्मचारियों के हित का पूरा सम्मान रखा जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में कमल प्रधान इकला, अर्जुन कनौतिया, अनिल इकला, अजित वाल्मीकि, शिवा, सविता, कृष्णा, मानसी, संगीता, रूपा आदि शामिल रहे।
25 को मनेगा नौवां राष्ट्रीय मतदाता दिवस
मेरठ : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आगामी 25 जनवरी को नौवां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर मतदाताओं को मतदान की शपथ दिलाई जाएगी। वहीं जनपद, तहसील, ब्लाक, ग्राम पंचायत एवं मतदान केंद्रों पर मतदाता जागरूकता संबंधी कार्यक्रम एवं अन्य गतिविधियां आयोजित होंगी। सीडीओ आर्यका अखौरी ने मतदाताओं से अपील की है कि वह सुबह 11 बजे नैतिक मतदान के लिए शपथ लें।