Swachh Survekshan 2021: पिछले साल के सिटीजन फीडबैक से आगे निकला अपना मेरठ, लेकिन अभी करनी होगी और मेहनत
Swachh Survekshan 2021 यह एक राहत देने वाली बात है कि अपने शहर मेरठ ने अपने पिछले साल के सिटीजन फीडबैक के आंकड़े को पार लिया है। अब यदि रफ्तार यही रही तो स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में शहर की रैकिंग की उम्मीद कर सकते हैं।
मेरठ, जेएनएन। Swachh Survekshan 2021 स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में सिटीजन फीडबैक की प्रतिस्पर्धा चल रही है। इस प्रतिस्पर्धा में अच्छा प्रदर्शन करने वाले नगर निगम ही अच्छी रैंक की उम्मीद कर सकते हैं। फिलहाल मेरठ नगर निगम के लिए राहत की बात यह है कि अपने पिछले साल के सिटीजन फीडबैक के आंकड़े को पार लिया है। लेकिनप्रदेश के सभी बड़े नगर निगमों से काफी पीछे है।
फिलहाल मेरठ काफी पीछे
24 जनवरी रात नौ बजे तक स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 की सिटीजन फीडबैक प्रतिस्पर्धा में मेरठ नगर निगम ने 27,458 वोट प्राप्त कर लिए हैं। नगर निगम अपने पिछले साल के सिटीजन फीडबैक के आंकड़े से 5,958 वोट आगे निकल गया है। पिछले साल स्वच्छ सर्वेक्षण के सिटीजन फीडबैक में नगर निगम मेरठ को 21,500 वोट मिले थे। सिटीजन फीडबैक की यह प्रतिस्पर्धा 28 फरवरी तक चलनी है। मेरठ नगर निगम के पास इसमें और बेहतर करने के लिए डेढ़ माह का समय है। हालांकि इस प्रतिस्पर्धा में प्रदेश के बड़े नगर निगमों से मेरठ काफी पीछे है।
प्रदेश में तीसरे नंबर पर सहारनपुर
प्रतिस्पर्धा में 24 जनवरी रात नौ बजे तक लखनऊ नगर निगम 3,84,712 वोट के साथ प्रदेश में सबसे ऊपर है।दूसरे नंबर पर प्रयागराज नगर निगम 2,69,941 वोट के साथ बना हुआ है। गौर करने वाली बात ये है कि सहारनपुर नगर निगम 1,84,501 वोट के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। सहारनपुर तेजी के साथ इस प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ रहा है।
इन नगर निगमों की स्थिति भी बेहतर
इसके अलावा अन्य नगर निगमों की परफार्मेंस भी बेहतर है। कानपुर नगर निगम को अभी तक 1,07,884 वोट मिल चुके हैं। वाराणसी को 96,934 वोट, नोएडा को 65,266 वोट, मुरादाबाद को 56,971 वोट, गाजियाबाद को 56,085 वोट, गाेरखपुर को 40,288 वोट, आगरा नगर निगम को 38,669 वोट मिल चुके हैं।