शिवपुरम को नरक से कुछ राहत मिली
जागरण संवाददाता, मेरठ : नाले नालियों का गंदा पानी सड़कों पर भरा था। चप्पे-चप्पे पर गंदगी फैली थी।
जागरण संवाददाता, मेरठ : नाले नालियों का गंदा पानी सड़कों पर भरा था। चप्पे-चप्पे पर गंदगी फैली थी। शिवपुरम मोहल्ले के इन हालात में दैनिक जागरण के विशेष सफाई अभियान 'स्वच्छ मेरठ, स्वस्थ मेरठ' से कुछ सुधार आया। हालांकि जनता को ज्यादा राहत नहीं मिली लेकिन अच्छी शुरूआत से क्षेत्र के लोग खुश नजर आये।
नगर निगम के वार्ड 11 के मोहल्ला शिवपुरम में सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है। लोगों की परेशानी को दैनिक जागरण ने गुरुवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया तथा गुरुवार को ही वहां अपना विशेष सफाई अभियान 'स्वच्छ मेरठ, स्वस्थ मेरठ' चलाया। निगम के सफाई कर्मियों ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. कुंवरसेन के निर्देशन तथा सफाई निरीक्षक विकास लौहरे की देखरेख में कई गलियों में नालियों से कूड़ा निकाला। सड़कों पर झाड़ू लगाई और कूड़ा उठाया। सफाई के बाद चूना डाला तो क्षेत्र चमक उठा। इस प्रयास से शिवपुरम के एक क्षेत्र को कुछ राहत मिली। महापौर सुनीता वर्मा ने सफाई कार्य का निरीक्षण किया।
उधार के कर्मियों से चल रहा काम
अभियान के दौरान राजकुमार चांदना तथा अन्य स्थानीय लोगों ने बताया कि नये परिसीमन में मोहल्ले को नये वार्ड 11 में शामिल किया है। यहां सफाई कर्मियों की तैनाती नहीं की है। फिलहाल दूसरे वार्डो से उधार के कर्मियों से काम चलाया जा रहा है।
बरसात में टापू बन जाता है
लोगों ने महापौर को बताया कि पानी नालियों में भरा रहता है। प्लाटों और सड़कों पर जलभराव के कारण लोगों का घर से निकलना दूभर हो रहा है। बरसात में तो पूरा मोहल्ला ही टापू बन जाता है।
शिवपुरम में नाला निर्माण से पानी की निकासी का प्रयास होगा। लोगों ने अन्य समस्याओं का भी समाधान होगा। जनता को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक होना होगा।
सुनीता वर्मा, महापौर
शिवपुरम नहीं, नरकपुरम में रह रहे हम
(बोली जनता)
शिवपुरम शुरू से ही निगम से उपेक्षित है। गंदे पानी की निकासी नहीं होने से जलभराव होता है, जिससे बीमारियां फैल रही हैं।
भोपाल
नया वार्ड होने के कारण मोहल्ले में सफाई कर्मचारियों की तैनाती नहीं की गई है। दूसरे वार्ड के कर्मियों के सहारे काम कराया जा रहा है।
पप्पू
नालियों में गंदगी भरी है। घर से निकल पाना तक मुश्किल है। हैंडपंप भी खराब पड़े हैं।
राजन
स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। गंदगी से लोग परेशान हैं। नाला निर्माण होने से गंदे पानी की निकासी हो सकती है। दैनिक जागरण के प्रयास से आज कुछ राहत मिली है।
रणपाल
हम लंबे समय से गुहार लगा रहे हैं। आज दैनिक जागरण की कोशिश से महापौर और निगम के अधिकारी यहा पहुंचे हैं। पानी निकासी के लिए नाला निर्माण जरूरी है। नाले नालियों और सड़कों का निर्माण होगा। महापौर को भी समस्याएं दिखाई हैं।
राजकुमारी चांदना, पार्षद