विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में सूर्यकिरण विमानों की गर्जना के बीच बोले रक्षा राज्य मंत्री- बुद्ध का देश अब शिव तांडव भी जानता है...

By Sarvendra Pundir Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 20 Sep 2026 02:59 PM (IST)

Meerut News: मेरठ में सूर्यकिरण एयर शो के बीच रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि बुद्ध का देश ...और पढ़ें

मेरठ में करतब दिखाते सूर्यकिरण विमान, इस दौरान मौजूद राज्यसभा सदस्य डाॅ. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ।

मेरठ में करतब दिखाते सूर्यकिरण विमान, इस दौरान मौजूद राज्यसभा सदस्य डाॅ. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ।

HighLights

  1. सूर्यकिरण एयर शो देखने पहुंचे केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री

  2. मेरठ में रक्षा उत्पादन इकाइयों की स्थापना की मांग।

जागरण संवाददाता, मेरठ। भारतीय वायु सेना के सूर्यकिरण विमानों ने दूसरे दिन भी हैरतअंगेज करतब दिखाते हुए लोगों को कभी न भूलने वाला अनुभव दिया। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी इस दौरान मौजूद रहे। उन्होंने आसमान में विमानों की गर्जना के बीच देश की बदलती तस्वीर और ताकत पर 'दैनिक जागरण' से बातचीत की।

उन्होंने कहा कि शांति और सद्भाव में विश्वास रखने वाला हमारा बुद्ध का देश है, लेकिन कोई आंख दिखाएगा तो अब शिव तांडव भी करना जानता है, यह नया भारत है। आपरेशन सिंदूर में स्वदेशी हथियारों से ही भारत ने पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर किया। उनके मुताबिक नया भारत अब अपनी सुरक्षा के लिए दूसरों पर निर्भर रहने वाला नहीं है।

रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों के पराक्रम और देश में विकसित रक्षा प्रणालियों ने दुनिया को भारत की नई सैन्य क्षमता का परिचय कराया है। देश ने 1947 के बाद कई युद्ध और चुनौतियां देखीं, लेकिन आपरेशन सिंदूर ने देश की सैन्य क्षमता के साथ स्वदेशी तकनीक की ताकत को भी सामने रखा।

भारत की सैन्य शक्ति अब देश की रक्षा फैक्ट्रियों और स्वदेशी तकनीक से तैयार हो रही है। मेरठ के विकास को लेकर संजय सेठ ने इस दौरान मौजूद राज्यसभा सदस्य डाॅ. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी की भूमिका की भी सराहना की। कहा कि वह हर मुद्दों पर सक्रिय हैं।

सड़क हो, रेल हो या अन्य विकास कार्य, वह लोगों से संवाद करने के साथ संबंधित मंत्रियों और विभागों तक बात पहुंचाते हैं। संजय सेठ ने बताया कि मेरठ में रक्षा उत्पादन इकाइयों की स्थापना की मांग को लेकर डाॅ. बाजपेयी उनसे और रक्षामंत्री से मुलाकात भी कर चुके हैं।

नमो भारत के बाद अब आसमान की उड़ान

रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि मेरठ ने नमो भारत की रफ्तार देखी है और अब सूर्यकिरण एयर शो के जरिए शहर ने आसमान में भारतीय वायुसेना का शौर्य भी देखा। उन्होंने कहा कि यह बदलते मेरठ और बदलते भारत की तस्वीर है। अब मेरठ के हवाई उड़ान के सपने को भी नई उम्मीद मिलने वाली है।

46 हजार करोड़ था रक्षा बजट, अब 1.78 लाख करोड़ है

रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के समय में भारत 65 प्रतिशत हथियारों का आयात करता था। अब 65 प्रतिशत हथियारों को 102 देशों में निर्यात कर रहा है। कांग्रेस के समय में 46 हजार करोड़ रुपये का रक्षा बजट होता था, अब एक लाख 78 हजार करोड़ रुपये का रक्षा बजट होता है। 666 करोड़ रुपये का रक्षा उत्पादन एक्सपोर्ट होता था, अब 36 हजार करोड़ होता है।