विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सूर्य किरण एयर शो: 35 मिनट तक थम जाएंगी सांसें, मेरठ के आसमान में पहली बार रोमांचक करतब दिखाएंगे वायु सेना के विमान

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 17 Sep 2026 02:42 PM (IST)

भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम 19 और 20 सितंबर को मेरठ में पहली बार एयर शो करेगी, जिसमें नौ लाल-सफेद विमान रोमांचक करतब दिखाएंगे।

इस तरह के फार्मेशन में उड़ान भरेंगे सूर्य किरण के पायलट। स्रोत: सूर्यकिरण सोशल मीडिया अकाउंट

इस तरह के फार्मेशन में उड़ान भरेंगे सूर्य किरण के पायलट। स्रोत: सूर्यकिरण सोशल मीडिया अकाउंट

HighLights

  1. 19-20 सितंबर को होगा एयर शो, 5000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था

  2. दो पायलट और ग्राउंड मैनेजमेंट से जुड़े एक पायलट मेरठ के

जागरण संवाददाता, मेरठ। भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम का एयर शो मेरठ में 19 और 20 सितंबर को पहली बार मेरठ के आसमान पर आयोजित किया जाएगा। शो में लाल-सफेद रंग के नौ विमान आसमान में आकर्षक संरचनाएं बनाते हुए हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे।

आयोजन को लेकर सूर्य किरण टीम के साथ ही दर्शकों के लिए जमीन पर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। मोहिउद्दीनपुर में इंटीग्रेटेड न्यू टाउनशिप के स्थान पर पांच हजार लोगों के बैइने की व्यवस्था की जा रही है। दो दिनों में 10 हजार लोग बैठकर यह आयोजन देख सकेंगे। इसके अलावा आस-पास खड़े होकर देखने की भी छूट होगी।

राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि बैठने की व्यवस्था के अलावा मैदान का बड़ा हिस्सा खुला रहेगा, जहां लोग खड़े होकर भी शो का आनंद ले सकेंगे। स्कूलों को विशेष रूप से जोड़ा जा रहा है। जिन स्कूलों के पास बसों की सुविधा है, वे अपने छात्र-छात्राओं को बसों के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक ला सकेंगे। ऐसे स्कूलों को पास उपलब्ध कराए जाएंगे। शहर के रोटरी, लायंस क्लब, आइएमए, बार एसोसिएशन और आइआइए समेत विभिन्न संगठनों को भी 10 से 20 तक पास दिए जाएंगे।

35 मिनट तक आसमान में रोमांच

सूर्य किरण टीम के नौ विमान लाल और सफेद रंग के होंगे और करीब 35 मिनट तक एरोबेटिक प्रदर्शन करेंगे। दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले पहुंचकर अपने निर्धारित स्थान पर बैठ जाएं। कार्यक्रम के लिए सुबह नौ बजे से 11:30 बजे तक का समय रखा गया है। इस शो की एक खास बात यह भी होगी कि दो पायलट मेरठ के रहने वाले हैं।

तीसरे मेरठ निवासी पायलट की भूमिका जमीन से शो के प्रबंधन में होगी। इनमें स्क्वाड्री लीडर अमन गोयल, स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह और स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल हैं।

बीएसए और डीआइओएस को पांच-पांच सौ पास

डा. वाजपेयी ने बताया कि दर्शकों की भागीदारी बढ़ाने और स्कूली विद्यार्थियों को भी वायु सेना की प्रस्तुति दिखाने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को 500-500 पास दिए जाएंगे। अन्य सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों को भी पास उपलब्ध कराए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को एयर शो देखने का अवसर देना है।

डा. वाजपेयी ने बताया कि 19 और 20 सितंबर दोनों दिन कार्यक्रम आयोजित होगा और दोनों दिनों के आमंत्रितों की सूची अलग-अलग रखी जाएगी। आयोजन को लेकर बढ़ती मांग और सीमित क्षमता के बीच पास वितरण की व्यवस्था की जा रही है।

सूर्य किरण एरोबैटिक टीम नौ विमानों के साथ प्रदर्शन करने वाली एशिया की एकमात्र एरोबैटिक टीम है। ग्रुप कैप्टन अजय दसरथी के नेतृत्व में टीम नौ लाल-सफेद हॉक एमके 132 विमानों के साथ लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और डीएनए मैनूवर जैसे हवाई करतब दिखाएगी।