भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ दारोगा के कड़वे बोल- अबकी बार इसे ही पीट लो...
अभी रेस्टोरेंट में दारोगा से भाजपा पार्षद द्वारा मारपीट का प्रकरण चल ही रहा है कि अब एक दारोगा ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मीकांत के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट की है।
मेरठ (जेएनएन)। दारोगा सुखपाल व पार्षद मुनीश के बीच चल रहा विवाद शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। अब इसी प्रकरण को लेकर विश्वंभर दयाल गंगवार नाम के दारोगा ने मेरठ के एक वॉट्सएप ग्रुप पर पोस्ट डालकर पुलिस अफसरों की मुसीबत बढ़ा दी है। यह दारोगा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी का पहले एक वीडियो ग्रुप में डालता हैं। फिर उस पर पोस्ट लिखता है कि इस बार इसे ही पीट लो। दारोगा की यह विवादित पोस्ट वायरल हो रही है।
कई अधिकारी जुड़े हैं ग्रुप से
दरअसल, एक व्यक्ति ने पुलिस एंड मीडिया के नाम से एक वाट्सएप ग्रुप बनाया हुआ है। इसमें जिले के एसपी सिटी रणविजय सिंह, एसपी देहात राजेश कुमार, एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी और लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर, डीएम प्रयागराज आदि अधिकारी जुड़े हुए हैं। इसके अलावा मेरठ प्रशासन के अधिकारी भी जुड़े हुए हैं। बुधवार को 11:48 मिनट पर दारोगा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी की एक वीडियो डालता है।
इसमें वह दारोगा-पार्षद कांड को लेकर दारोगा की गलती निकाल रहा है। वहीं, उड़ीसा से आने की बात बोलकर पुलिस से निपटने की बात बोल रहा है। ठीक इसी वीडियो के डालने वाले समय पर दारोगा की पोस्ट डाली जाती है। इस पोस्ट के डलने के बाद इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट का सीयूजी नंबर और डीएम इलाहाबाद का सीयूजी नंबर लेफ्ट कर जाते हैं। हालांकि ग्रुप पर इसके बाद कोई हलचल नहीं होती है।
ग्रुप में यह डाली गई पोस्ट
सुनो भाइयों पुलिस वालों। अबके इसको ही पीट लो..ये ..(अपशब्द) हमेशा पुलिस के खिलाफ ही रहता है...अबके इसको ही मारो। -एसआइ विश्वंभर दयाल गंगवार।
मैंने नहीं डाली पोस्ट : दारोगा
मैंने यह पोस्ट नहीं डाली है। थाने में मोबाइल ऐसे ही पड़ा रहता है। किसी ने डाल दी होगी। मैं फिलहाल अपने घर पर हूं। किस थाने पर तैनात हूं, यह क्यों बताऊं?
-विश्वंभर दयाल गंगवार, पोस्ट डालने वाला दारोगा
मैं इस प्रकरण पर अभी कुछ नहीं बोलूंगा। मेरठ लौटने के बाद ही बात करूंगा।
-लक्ष्मीकांत वाजपेयी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष