विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोचिंग को कहें 'बाॅय-बाॅय', अब घर पर बिना इंटरनेट खर्च किए फ्री में करें विज्ञान की पढ़ाई; PM E-VIDYA ने दिखाई राह 

By Rajendra Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 18 Aug 2026 07:59 PM (GMT+05:30)

केंद्र सरकार की पीएम ई-विद्या पहल से अब विज्ञान की पढ़ाई महंगी कोचिंग के बिना घर बैठे मुफ्त में संभव ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. मेरठ की शिक्षिका ने लखननऊ में प्राप्त किया है प्रशिक्षण।

  2. डीटीएच चैनलों और ऐप पर मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा।

जागरण संवाददाता, मेरठ। विद्यार्थियों को विज्ञान की पढ़ाई के लिए अब महंगी कोचिंग की जरूरत नहीं होगी। केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल-पीएम ई-विद्या के तहत अब एप और डीटीएच के माध्यम से विज्ञान बेहद सरल तरीके से हर विद्यार्थी तक पहुंचेगा।

यह अहम जिम्मेदारी जिले के राजकीय कन्या इंटर कालेज किठौर की विज्ञान शिक्षिका एवं एसआरजी विज्ञान रूचिरा चंदेल को मिली है। जिले से उनका चयन पीएम ई-विद्या में किया गया है। वे एप और डीटीएच के माध्यम से विज्ञान को घर-घर तक तक पहुंचाएंगी।

यूपी के पांच डीटीएच चैनलों का ब्यौरा जारी

शिक्षिका रूचिरा चंदेल ने लखनऊ में गत 10 से लेकर 14 अगस्त तक प्रशिक्षण प्राप्त किया है। प्रशिक्षण सत्र के दौरान एससीइआरटी के मास्टर ट्रेनर्स ने उनके डिजिटल माध्यमों से शिक्षण को अधिक प्रभावी, सुलभ और व्यावहारिक बनाने के लिए प्रस्तुत सुझावों व ग्रोथ स्ट्रेटेजी को सराहा है। मास्टर ट्रेनर्स ने माना है कि उनके सुझाए नवाचार जमीनी स्तर पर विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने में बेहद कारगर साबित होंगे।

पीएम ई-विद्या के माध्यम से पहुंचेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय की महत्वाकांक्षी योजना पीएम ई-विद्या के लिए राजकीय कन्या इंटर कालेज किठौर की शिक्षिका और रूचिरा चंदेल का चयन हुआ है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत संचालित इस पहल के माध्यम से प्रदेश में स्कूली शिक्षा को डिजिटल और ब्राडकास्ट माध्यम से हर घर तक पहुंचाया जा रहा है।

केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश को आवंटित 5 पीएम ई-विद्या डीटीएच टीवी चैनलों पर एससीईआरटी लखनऊ द्वारा तैयार की गई ई-शैक्षणिक सामग्री का सातों दिन और 24 घंटे सीधा प्रसारण किया जा रहा है। ये सभी चैनल डीडी फ्री डिश डीटीएच पर पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं।

प्रशिक्षण में इन पर रहा फोकस

योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रतिभागियों को एनसीईआरटी की विशेषज्ञ टीम और मास्टर ट्रेनर्स द्वारा आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें प्रमुख रूप से डिजिटल कंटेंट डिजाइन, शैक्षिक वीडियो निर्माण, आधुनिक डिजिटल माध्यमों से पढ़ाने की व्यावहारिक रणनीतियां, स्टूडियो प्रस्तुतीकरण शामिल हैं।

प्रदेश के लिए आवंटित डीटीएच चैनलों का कक्षावार आवंटन

  • पीएम ई-विद्या 173: बाल वाटिका से कक्षा 2 तक-
  • पीएम ई-विद्या 174: कक्षा 3 से कक्षा 5 तक-
  • पीएम ई-विद्या 175: कक्षा 6 से कक्षा 8 तक-
  • पीएम ई-विद्या 176: कक्षा 9 से कक्षा 10 तक-
  • पीएम ई-विद्या 177: कक्षा 11 से कक्षा 12 तक-

विद्यार्थी टीवी पर प्रसारण के साथ-साथ इन कार्यक्रमों को पीएम ई-विद्या यूट्यूब चैनल और पीएम ई-विद्या मोबाइल एप पर भी आसानी से देख सकते हैं। अभिभावक और छात्र टीवी स्क्रीन पर दिखने वाले क्यूआर कोड को सीधे स्कैन करके दीक्षा पोर्टल और संबंधित यूट्यूब चैनल तक पहुंच सकते हैं।

विद्यार्थियों के लिए वरदान है योजना

बिना किसी इंटरनेट खर्च के कक्षा एक से 12 तक की पढ़ाई। मातृभाषा में समझ, उप्र के चैनलों (173 से 177) पर हिंदी व स्थानीय बोलियों में आसान शिक्षण, स्कूली पढ़ाई का रिवीजन, स्कूल के बाद विद्यार्थी घर पर कभी भी विषयों को दोबारा समझ सकते हैं। कोचिंग की निर्भरता भी खत्म, दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में जहां इंटरनेट या महंगी कोचिंग की सुविधा नहीं है। वहां विद्यार्थी टीवी (डीडी फ्री डिश) पर सीधे फ्री में देश के बेहतरीन शिक्षकों से पढ़ सकेंगे।

चैनल को प्रभावी बनाने की शिक्षिका की दूरदर्शी कार्ययोजना

शिक्षिका रूचिरा ने स्कूलों में क्यूआर स्केन आवर, प्रतिदिन छात्रों को पाठ्यपुस्तकों और टीवी स्क्रीन पर दिए क्यूआर कोड स्कैन करके डिजिटल पढ़ाई का अभ्यास कराना। पीटीएम में अभिभावक जागरूकता, अभिभावक-शिक्षक बैठकों में अभिभावकों के फोन में दीक्षा एप डाउनलोड कराना और टीवी पर चैनल 173-177 की फ्री सेटिंग्स सेट करने में मदद करना।

डिजिटल स्टूडेंट मानिटर, प्रत्येक कक्षा में दो विद्यार्थियों को डिजिटल मानिटर बनाकर साथी विद्यार्थियों को आनलाइन लाइव क्लासेस और ट्यूनिंग में सहायता प्रदान करना शामिल है।