छेड़छाड़ का विरोध करने पर छात्रा के भाई को पीटा
छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपितों ने छात्रा के भाई को बेल्टों से सड़क पर पीटा। हमले में वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों के आने पर हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मेरठ, जेएनएन। छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपितों ने छात्रा के भाई को बेल्टों से सड़क पर पीटा। हमले में वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों के आने पर हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
टीपीनगर थाना क्षेत्र के मलियाना निवासी व्यक्ति के मुताबिक उसकी बेटी व बेटा बागपत रोड स्थित एक कोचिंग सेटर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। शुक्रवार दोपहर को बहन-भाई कोचिंग से लौट रहे थे। इसी बीच क्षेत्र में ही रहने वाले तीन युवक बेटी से छेड़छाड़ करने लगे। बेटे ने विरोध किया तो आरोपितों से उसकी कहासुनी हो गई। तीनों युवकों ने फोन पर अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। थोड़ी ही दूरी पर आरोपितों ने युवती के भाई को घेर लिया और उसकी बेल्टों से पिटाई कर दी। इस वजह से युवक घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवती के पिता ने आरोपितों के विरुद्ध तहरीर दी है। टीपीनगर थाना प्रभारी रघुराज सिंह का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। कार्रवाई की जाएगी।
ठगों की तलाश में पुलिस चंडीगढ़ रवाना: फिल्म बनाने के नाम पर चार करोड़ रुपये की ठगी करने वाले दो डायरेक्टरों की तलाश में कंकरखेड़ा पुलिस चंडीगढ़ रवाना हो गई है।
चंडीगढ़ में महाफिल्म प्रोडक्शन हाउस का निर्माण और फिल्म बनाने के नाम पर कई लोगों से चार करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की गई थी। कंकरखेड़ा थाने में चार और पल्लवपुरम थाने में एक केस दर्ज है। कंकरखेड़ा थाने में दर्ज केस में प्रोडक्शन हाउस के डायरेक्टर बेअंत सिंह और पलक सिंह नामजद हैं। दोनों के कहने पर रविंद्र, चेतन जायसवाल, सागर यादव व हितेश ने यूपी, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की थी।
कंकरखेड़ा पुलिस चेतन जायसवाल और सागर यादव को पहले ही जेल भेज चुकी है। गुरुवार को सागर यादव को बनारस से गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर ने बताया कि दोनों डायरेक्टरों की लोकेशन चंड़ीगढ़ में मिली है। जल्द ही दोनों पुलिस गिरफ्त में होंगे।