मेरठ में बिजली चेकिंग को गई ऊर्जा निगम की टीम के साथ मारपीट, SDO समेत कई घायल Meerut News
मेरठ और आसपास के जिलों में बिजली चोरी रोकने के लिए ऊर्जा निगम द्वारा बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खरखौदा में शुक्रवार की सुबह चार बजे एक गांव में पहुंची ऊर्जा विभाग की टीम के साथ लोगों ने जमकर मारपीट की।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ जिले के खरखौदा में शुक्रवार तड़के लाइन लास रोकने के लिए एक गांव में पहुंची ऊर्जा विभाग की टीम के साथ गुस्साए लोगों ने मारपीट कर डाली। इस दौरान कई कर्मचारी घायल हो गए। ऊर्जा विभाग के अफसरों ने थाने पहुंचकर मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल करने की भी धमकी दी गई है। वहीं इस मामले में एसडीओ महावीर सिंह ने थाने पर तहरीर दी है। ग्राम प्रधान के दो भाई और बहनोई पर मारपीट का आरोप लगाया गया है।
एसडीओ के कपड़े फट गए
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा और पीवीवीएनएल के एमडी के आदेश पर पूरे जिले में लाइन लास रोकने का अभियान बड़े पैमाने पर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह 4:00 बजे अधिशासी अभियंता प्रथम नीरज सक्सेना के नेतृत्व में ऊर्जा निगम की टीम एसडीओ महावीर सिंह समेत अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अलीपुर गांव में पहुंची। आरोप है कि गांव के लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। आक्रोशित लोगों ने ऊर्जा निगम की टीम के साथ मारपीट करते हुए पथराव कर दिया। जिसमें एसडीओ महावीर सिंह के कपड़े फट गए और वह घायल हो गए। उनके साथ संविदा कर्मी राजकुमार समेत कई अन्य कर्मी भी घायल हुए हैं।
हड़ताल की चेतावनी
घटना के बाद ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता नीरज सक्सेना के नेतृत्व में लोग थाने पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं ऊर्जा निगम के कर्मचारियों ने कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल करने की चेतावनी भी दी है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद मोहन शर्मा का कहना है कि मामले में जल्द रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही हैं और इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। घटना को लेकर ऊर्जा विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश है।