मेरठ: सेंट मेरीज एकेडमी की मिनी मैराथन में मानवी और युवराज ने मारी बाजी, 500 छात्र-छात्राओं ने उत्साह से लिया हिस्सा
Meerut News: सेंट मेरीज एकेडमी, मेरठ में मिनी मैराथन का आयोजन हुआ, जिसमें 500 छात्रों ने उत्साह से भाग लिया।मानवी ...और पढ़ें

सेंट मेरीज एकेडमी में आयोजित मिनी मैराथन के विजेता व अतिथियों के साथ।
HighLights
फिटनेस और अनुशासन का संदेश लेकर दौड़े विद्यार्थी।
मुख्य अतिथि ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का किया आह्वान।
जागरण संवाददाता, मेरठ। सेंट मेरीज एकेडमी में शनिवार को मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें करीब 500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का संदेश दिया। छात्राओं के वर्ग में मानवी अग्रवाल और छात्रों के वर्ग में युवराज चिकारा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि एक्स मेरियन ऐनुद्दीन शाह ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य रेवरन ब्रदर आनंद और स्पोर्ट्स सेक्रेटरी ब्रदर प्रदीप उपस्थित रहे। सभी हाउस के विद्यार्थी सुबह विद्यालय की प्रार्थना सभा में एकत्र हुए। प्रार्थना और शुभकामनाओं के साथ दौड़ शुरू हुई। विद्यार्थियों ने अपनी क्षमता और सीमाओं को चुनौती देते हुए पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। मार्ग में मौजूद शिक्षकों ने धावकों का उत्साहवर्धन किया।

फिटनेस के प्रति नई पीढ़ी का उत्साह सराहनीय
मुख्य अतिथि ऐनुद्दीन शाह ने कहा कि नई पीढ़ी का उत्साहपूर्वक शारीरिक गतिविधियों में भाग लेना सराहनीय है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अनुशासन बनाए रखने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं।

विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे आयोजन के दौरान एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी। निर्धारित मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर पीने के पानी की व्यवस्था रही और शिक्षक भी तैनात रहे।
ये रहे मैराथन के विजेता
छात्रा वर्ग
- प्रथम : मानवी अग्रवाल, कक्षा आठ, शास्त्री हाउस - 32 मिनट 32 सेकंड।
- द्वितीय : निहारिका सिंह, कक्षा आठ, नेहरू हाउस - 34 मिनट 40 सेकंड।
- तृतीय : फलक चौधरी, कक्षा छह, गांधी हाउस - 38 मिनट 18 सेकंड।
छात्र वर्ग
- प्रथम: युवराज चिकारा, कक्षा 12, शास्त्री हाउस - 23 मिनट 30.53 सेकंड।
- द्वितीय : अधिराज सिंह, कक्षा 10, नेहरू हाउस - 23 मिनट 32.94 सेकंड।
- तृतीय : शौर्य बालियान, कक्षा आठ, नेहरू हाउस - 23 मिनट 33.69 सेकंड।
प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि और विद्यालय के प्रधानाचार्य ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक देकर सम्मानित किया। रेवरन ब्रदर आनंद ने सभी प्रतिभागियों, ब्रदर प्रदीप, खेल विभाग, मुख्य अतिथि ऐनुद्दीन शाह और एक्स मेरियन संयम बंसल का विशेष आभार व्यक्त किया।
