घर में मां लक्ष्मी बरसाएंगी कृपा, बाजार में बिखरी चांदी के सिक्कों और नोट की चमक Meerut News
जैसे-जैसे दीपावली पर्व का समय नजदीक आ रहा है। बाजार में चांदी के सिक्के और लेमिनेशन नोट की मांग में भी बढ़ोत्तरी हो रही है। इसके पीछे पौराणिक मान्यता भी है।
मेरठ, [जागरण स्पेशल]। त्योहारों पर लोग सोने और चांदी के सिक्कों की जमकर खरीदारी करते हैं। इन सिक्कों की शुद्धता और सिक्के खरीदने से जुड़ी पौराणिक मान्यता के अनुसार इन्हें खरीदने से घर में मां लक्ष्मी अपनी कृपा बरसाती हैं। इसलिए बाजार में इस समय सबसे ज्यादा चांदी के सिक्के और लेमिनेशन नोट की मांग है। इन पर मां लक्ष्मी, लक्ष्मी-गणेश, राधा-कृष्ण, ओम, श्री और क्वीन के चित्र अंकित हैं। सौ, दो सौ, पांच सौ और दो हजार के लेमिनेशन वाले चांदी के नोटों की भी खूब खरीदारी हो रही है।
ये सिक्के हैं प्रमुख
इस बार चोकोर और अंडाकार चांदी के सिक्कों का खास क्रेज है। इन सिक्कों के किनारे गोल्डन हैं। बीच में भी स्वर्णिम डिजाइन बना हुआ है। ये सिक्के दस ग्राम से लेकर एक किलो तक के वजन में उपलब्ध हैं। जो देखने में काफी आकर्षक भी लग रहे हैं। इन्हें पूजा के अलावा रिश्तेदारों और दोस्तों को उपहार में भी दिया जा सकता है।
चांदी के नोट
लेमिनेशन वाले चांदी के नोट की मांग त्योहारी सीजन में काफी बढ़ जाती है। साथ ही लोग आने वाले शादी के सीजन के लिए भी इनकी खूब खरीदारी कर रहे हैं। चांदी के ये नोट देखने में हूबहू असली नोट की तरह ही लगते हैं। इनकी कीमत तीन सौ रुपये से सात सौ रुपये तक हैं।
गंगाजमुनी चांदी के सिक्के
सिल्वर और गोल्ड पॉलिश वाले चांदी के सिक्के इस बार सबसे ज्यादा डिमांड में हैं, जिन्हें सिल्वर पर गोल्डन पॉलिश और भी आकर्षक बना रही है। इसलिए इन्हें गंगाजमुनी सिक्कों के नाम से जाना जाता है।
चांदी के सिक्के
वजन ग्राम में - कीमत
10 - 550
20 - 1100
50 - 2750
100 - 5500
200 - 1000
500 - 27500
1000 - 55000
इनका कहना है
पूजन और उपहार में देने के लिए सबसे ज्यादा दस ग्राम के चांदी के सिक्कों के ही मांग रहती है, इसके अलावा इस बार गंगाजमुनी पॉलिश वाले सिक्के और नोट की भी काफी डिमांड है।
- अंकुर जैन अरहंत ज्वेलर्स, कूचा नील गली
चांदी के सिक्के मुबंई से मंगाए जा रहे हैं, इस समय छोटे-बड़े सभी प्रकार के चांदी के सिक्के और नोट की मांग है।
- राजेश सिंघल श्वेता ज्वेलर्स, नील गली।